
डिजिटल डेस्क। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार तड़के सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सेना की संयुक्त टीम ने खुफिया इनपुट के आधार पर पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर आतंकियों को घेर लिया है। आशंका जताई जा रही है कि इस घेरे में लश्कर-ए-तैयबा का एक वांछित कमांडर भी फंसा हुआ है।
कश्मीर जोन पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए पुष्टि की कि कुलगाम में पुलिस और सुरक्षाबलों की साझा टीम आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दे रही है। इसी बीच, पुलिस प्रशासन ने मंगलवार को उस आतंकी उमर निसार डार के नेटवर्क को लेकर बड़े खुलासे किए, जिसे सोमवार को हुई एक अलग मुठभेड़ में ढेर किया गया था।
पुलिस की तफ्तीश में यह बात उजागर हुई है कि मारे गए आतंकी उमर निसार डार ने लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट के साथ मिलकर बीती 11 नवंबर को सीआरपीएफ कर्मियों पर हुए हमले की पूरी रूपरेखा तैयार की थी। पुलिस द्वारा सार्वजनिक किए गए सीसीटीवी वीडियो में साफ दिख रहा है कि वारदात से एक रोज पहले यानी 10 नवंबर को उमर निसार और लतीफ भट ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से मीर बार, अखरान, हबलिश तथा किलाम जैसे इलाकों की बारीकी से रेकी की थी।
सामने आए 10 और 11 नवंबर के फुटेज में दोनों दहशतगर्द पहले रेकी करते और फिर 11 नवंबर को अखरान स्थित सीआरपीएफ के नाके पर गोलीबारी कर भागते हुए कैद हुए हैं। याद रहे कि बाइक सवार आतंकियों द्वारा किए गए इस औचक हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान जख्मी हो गए थे।
यह भी पढ़ें- भोपाल में विदेशी युवक ने शादी का झांसा देकर महिला से किया दुष्कर्म, अन्य युवती से अफेयर पर खुली पोल