एएनआई, अयोध्या। Iqbal Ansari: राम जन्मभूमि-बाबर मस्जिद भूमि मुकदमे के पूर्व वादी इकबाल अंसारी ने कहा कि लोगों को भगवान राम की पूजा करनी चाहिए। उनके दिखाए रास्ते पर चलना चाहिए। रामलला के प्राण प्रतिष्ठा से पहले समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए इकबाल ने अयोध्या को धर्म का शहर बताया।
उन्होंने कहा कि अयोध्या धर्म की नगरी है। प्राण प्रतिष्ठा समारोह सोमवार को किया जाएगा। जो लोग शहर आए हैं, उनका स्वागत है। हम चाहते हैं कि लोग भगवान श्रीराम की पूजा करें। उनके दिखाए रास्ते पर चलें।
इकबाल अंसारी ने कहा, हर धर्म यही सिखाता है कि आपस में सद्धावना होनी चाहिए। हर धर्म मानवता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हर धर्म सिखाता है कि एक-दूसरे बीच दुश्मनी नहीं होनी चाहिए।
बाबरी मस्जिद भूमि विवाद मामले में मुस्लिम पक्ष का प्रतिनिधित्व करने वाले पूर्व वादी अंसारी ने कहा कि वह भव्य समारोह की प्रतीक्षा कर रहे हैं। अयोध्या की भूमि इतनी पवित्र है कि सिर्फ भगवान में विश्वास रखने वाले ही इस शहर में आते हैं। बता दें रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होगी। मैसूर के मूर्तिकार अरुण योगीराज द्वारा बनाई गई प्रभु श्रीराम की बाल रूप की मूर्ति को मंदिर के गर्भगृह के अंदर रखा गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार सुबह 10.25 बजे अयोध्या पहुंचेंगे। दोपहर 12.05 से 12.55 बजे तक प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होंगे। दोपहर 1 से 2 बजे के बीच सार्वजनिक कार्यक्रम करेंगे।