
Explained: चीन में कोरोना वायरस से बुरी तरह से जूझ रहा है। कोविड-19 की हालिया वृद्धि ने पूरी दुनिया को चिंता में डाल दिया है। ये खतरा ओमिक्रोन के नए वेरिएंट से है। इस वेरिएंट का नाम BF.7 है। भारत में इसके एक मामले की पुष्टि हो चुकी है। आइए जानते हैं ये नया वेरिएंट क्या है? क्या ओमिक्रोन से भी ज्यादा खतरनाक हैं और क्या है इसके लक्षण।
दरअसल BF.7 शॉर्ट फॉर्म है। इसका पूरा नाम BA.5.2.1.7 है। ये ओमिक्रोन के BF.5 वेरिएंट का सब वेरिएंट है। इस वेरिएंट के ही सबसे ज्यादा केस दुनिया भर में सामने आए हैं। फिलहाल भारत में BF.4 और BF.5 सब वेरिएंट के केस ज्यादा नहीं है। देश में BF.2.75 के सबसे अधिक केस हैं। गुजरात जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान केंद्र को अक्टूबर में BF.7 के पहले मामले का पता चला था। गुजरात में तीन और ओडिशा से एक मामला सामने आया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार BF.7 ओमिक्रोन के अन्य सब-वेरिएंट्स से अधिक खतरनाक है। इसकी संक्रमण क्षमता ज्यादा है। BF.7 से संक्रमित 10-18 लोगों को इनफेक्ट कर सकता है। अन्य वेरिएंट्स करीब 5 लोगों को संक्रमित कर सकते हैं। वेरिएंट का इंक्यूबेशन अवधि कम है। ये कहा जा रहा है कि उन लोगों को ज्यादा खतरा है, जिन्हें पहले कोरोना संक्रमण हुआ हो।
नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन की एक स्टडी के मुताबिक BF.7 बेअसर नहीं होता है। ब्लड के थक्के पर रिसर्च की गई। जिस शख्स का खून था, उसने वैक्सीन की तीनों खुराक ली हुई थी। शरीर में वायरस के एंटीबॉडी थे। BF.7 के कारण बड़ी मुश्किल से न्यूट्रलाइज हुआ।
BF.7 के मामले अमेरिका, यूके, जर्मनी, फ्रांस, बेल्जियम और डेनमार्क में सामने आ रहे हैं। भारत में भी इसके मामले की पुष्टि हो चुकी है। राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार ग्रुप में वैक्सीनेशन के चेयरमैन डॉ एन के अरोड़ा ने बताया, 'शरीर में दर्द इसका मुख्य लक्षण है। यदि किसी को लंबे वक्त से बदन दर्द हो रहा है, तो उसे कोविड टेस्ट करवाना चाहिए। साथ ही गले में खराश, थकान, कफ और नाक बहना भी लक्षण हैं।'
ICMR के वरिष्ठ वैज्ञानिक समरीन पांडा ने कहा कि चीन में जीरो कोविड पॉलिसी लागू थी। भारत में जो हाइब्रिड इम्युनिटी हुई है, उस पर हमें ध्यान देना चाहिए।