राजनीति में आना चाहती है पूर्व दस्यु सुंदरी नीलम
दस्यु निर्भय गुर्जर गिरोह में रही पूर्व दस्यु सुंदरी नीलम गुप्ता 12 साल से अधिक समय बाद जेल से रिहा हो गई।
By
Edited By:
Publish Date: Wed, 18 Jan 2017 11:46:22 PM (IST)
Updated Date: Thu, 19 Jan 2017 07:39:40 AM (IST)

इटावा। दस्यु निर्भय गुर्जर गिरोह में रही पूर्व दस्यु सुंदरी नीलम गुप्ता 12 साल से अधिक समय बाद जेल से रिहा हो गई। वह नारी निकेतन लखनऊ में विभिन्न मुकदमों में निरुद्ध चल रही थी।
बुधवार को इटावा पहुंची नीलम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के काम की तारीफ की। इस दौरान उसने राजनीति में जाने की भी इच्छा जताई। वह मुंबई की माया नगरी में भी अपना हाथ आजमाना चाहती है।
नीलम का कहना है कि अब वह नई जिदगी की शुरुआत करना चाहती है। गिरोह में उससे सब कुछ जबरन करवाया गया था। वह हथियार नहीं उठाना चाहती थी पर उठवाये गए।
नीलम ने 14 साल की उम्र में दस्यु निर्भय गुर्जर गिरोह में काम किया था। आज उसकी उम्र 28 वर्ष की है। हालांकि वह कहती है कि उसकी जान को अब भी खतरा है।
दस्यु निर्भय गुर्जर की पत्नी रही नीलम उप्र के औरैया जिले के बिधूना थाना क्षेत्र के ग्राम शीशग्रान सरैया की रहने वाली है। उसके ऊपर अपहरण व हत्या के मामले दर्ज थे।
निर्भय गुर्जर की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो चुकी है। नीलम ने 2004 में गिरोह से बगावत कर निर्भय के पुत्र श्याम जाटव से भाग कर शादी कर ली थी।
इसके बाद उसने 31 जुलाई 2004 को इटावा की एंटी डकैती कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था। इटावा व औरैया में उस पर दर्ज मुकदमों की सजा उसने काट ली है और अब चंबल घाटी की तरफ नहीं देखना चाहती।