अभिजीत बनर्जी को नोबेल पुरस्कार मिलने पर पूर्व PM मनमोहन सिंह ने जताई खुशी, कही यह बात
पूर्व प्रधानमंत्री मन मोहन सिंह ने नोबेल विजेता अभिजीत बनर्जी को बधाई दी है। ...और पढ़ें
By Neeraj VyasEdited By: Neeraj Vyas
Publish Date: Tue, 15 Oct 2019 10:41:49 AM (IST)Updated Date: Tue, 15 Oct 2019 10:41:49 AM (IST)

नई दिल्ली। भारतीय मूल के अर्थशास्त्री अभिजीत बनर्जी को नोबेल पुरस्कार मिलने पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है। सोमवार को अभिजीत बनर्जी को नोबेल पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गई थी। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने कहा कि गरीबी दूर करने के लिए नई तकनीक के विकास के लिए अभिजीत बनर्जी द्वारा किया गया काम लीक से हटकर है। उन्हें नोबल पुरस्कार मिलना बेहद गर्व की बात है। मनमोहन सिंह ने यह भी कहा कि बनर्जी के अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए मील के पत्थर साबित होने वाले प्रयोग भारत जैसे विकासशील देशों की पॉलिसी तय करने के लिए बहुत उपयोगी साबित हुए हैं। बता दें कि अभिजीत बनर्जी के इनोवेशन्स की वजह से कई देशों की गरीबी कम करने में मदद मिली है।
पूर्व PM मनमोहन सिंह द्वारा नोबेल विजेता अभिजीत बनर्जी को पत्र लिखकर कहा गया कि ' यह मेरे लिए बेहद खुशी और गर्व की बात है कि आप दूसरे भारतीय हैं जिन्हें अर्थशास्त्र में नोबेल पुरस्कार मिला है। मेरी आपको हृदय से शुभकामनाएं। आपके गरीबी कम करने और नई तकनीकों के विकास जैसे रेंडमाइज्ड कंट्रोल ट्रायल्स में किए गए स्कॉलरी वर्क वाकई में अग्रणी साबित हुए हैं।'
अभिजीत बनर्जी ने भारत की अर्थव्यवस्था पर यह कहा
नोबेल पुरस्कार जीतने के बाद अभिजीत बनर्जी ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा, "भारतीय अर्थव्यवस्था इस समय डांवा डोल स्थिति है। आर्थिक विकास के हालिया डेटा को देखकर फिलहाल इसमें सुधार की उम्मीद कम है। पिछले पांच-छह साल में विकास के कुछ संकेत दिख रहे थे, लेकिन अब वह भरोसा भी नहीं रहा।"
बनर्जी ने भारतीय अर्थव्यवस्था (Indian Economy) के सवाल पर बोलते हुए कहा कि, मेरी नजर में अर्थव्यवस्था अभी बुरे दौर में है। नेशनल सैंपल सर्वे के आंकड़े जो भारत के नगरीय और ग्रामीण इलाकों में औसत खपत की जानकारी देते हैं, उन्हें देखने पर पता लगता है कि 2014-15 के मुकाबले 2017-18 में यह आंकड़ा थोड़ा कम हुआ है। यह एक ऐसी चीज है जो कईं सालों में पहली बार हुई है। ऐसे में यह एक बड़ा वार्निंग साइन है।