
डिजिटल डेस्क। दीपावली के मौके पर पंजाब के एक ग्रामीण परिवार की किस्मत ऐसी पलटी कि महज 200 रुपये की मंथली लॉटरी टिकट ने उसे डेढ़ करोड़ रुपये का मालिक बना दिया। इनाम निकलने की खबर से लॉटरी विक्रेता और विजेता परिवार, दोनों के घर खुशी का माहौल है।
शहर के भीखी रोड स्थित धन्ना लाटरी स्टाल के संचालक धन्ना सिंह के मुताबिक, शनिवार को बुढ़लाडा क्षेत्र के गांव सैदेवाला से एक व्यक्ति उनके काउंटर पर आया था। उसने हरमन कौर के नाम से टिकट खरीदा, जिस पर डेढ़ करोड़ रुपये का पहला इनाम निकला।
धन्ना सिंह ने बताया कि विजेता परिवार में शनिवार को ही बेटी का जन्म हुआ था। नवजात की तबीयत ठीक न होने से परिवार उसे चेकअप के लिए अस्पताल ले गया है। परिवार के लौटते ही उन्हें स्टाल पर बुलाकर सम्मानित किया जाएगा। पहला इनाम निकलने की खुशी में धन्ना सिंह ने स्टाल पर लड्डू बांटे और ढोल बजवाकर जश्न मनाया।
यह भी पढ़ें- कूनो में नहीं विकसित हुए घास के मैदान, चीतों को नहीं मिल रहा पर्याप्त शिकार; बस्तियों में कर रहे शिकार
इनाम जीतने वाले युद्धवीर सिंह ने बताया कि वे पत्नी का अल्ट्रासाउंड कराने शहर आए थे। पत्नी को अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छोड़ने के बाद उन्होंने लॉटरी स्टाल से टिकट खरीदा, जो पत्नी हरमन कौर के नाम पर लिया था। उन्होंने कहा कि घर में जन्मी बेटी लक्ष्मी बनकर आई है, जिसने परिवार पर धन की बरसात कर दी है।