
डिजिटल डेस्क। असम की राजधानी गुवाहाटी के पॉश इलाके में सोमवार देर रात उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब कुछ नकाबपोश बंदूकधारियों ने एक होटल में घुसकर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। इस खूनी हमले में एक महिला समेत कुल छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह सनसनीखेज वारदात जीएस रोड के कमर्शियल हब माने जाने वाले लचित नगर स्थित 'होटल बिलास इन' में रात करीब 10 बजे घटी। अचानक चली गोलियों की आवाज से पूरा इलाका सहम गया। गोलियों की चपेट में आने वालों में होटल के कर्मचारी व कुछ अन्य लोग शामिल हैं। घटना के फौरन बाद सभी घायलों को पास के चिकित्सा केंद्र पहुंचाया गया।
घटनास्थल पर ही चार लोगों ने दम तोड़ दिया था, जबकि दो अन्य गंभीर घायलों की मौत गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH) में इलाज के दौरान हुई। पुलिस और राहत दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके को सील कर दिया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
मामले की पुष्टि करते हुए गुवाहाटी के पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत ने बताया कि होटल से बरामद चार शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, वहीं अस्पताल में भर्ती दो अन्य व्यक्तियों की जान नहीं बचाई जा सकी।
उन्होंने यह भी आशंका जताई है कि कुछ घायलों की हालत नाजुक होने के कारण मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है। फिलहाल हमलावरों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- पंचायत सचिवों की मनमानी पर लगाम... दफ्तर में बैठकर ही निपटाने होंगे काम, निजी आवास पर दफ्तर चलाने पर रोक