डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर भारत में इस बार मानसून पूरे जोश में है। राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के इलाकों में शनिवार को लगातार हल्की से मध्यम बारिश( Delhi NCR heavy rain) होती रही, जिससे सड़कों पर पानी भर गया और जगह-जगह ट्रैफिक जाम लग गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है।
यूपी में नदियों का बढ़ा जलस्तर, कई जगह बाढ़
पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही तेज बारिश से उत्तर प्रदेश की नदियां उफान पर हैं। फतेहपुर में कजरी विसर्जन के दौरान पांच लोग डूब गए, जिनमें एक का शव बरामद हुआ और चार की तलाश जारी है। चंदौली में कच्चा मकान ढहने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। मऊ में सरयू नदी में डूबने से एक व्यक्ति की जान चली गई। गंगा, सरयू और कई अन्य नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे सैकड़ों गांव बाढ़ और जलभराव की चपेट में हैं।
शाहजहांपुर में गंगा खतरे के निशान से 35 सेमी ऊपर बह रही है, जबकि हापुड़ में जलस्तर 199.44 सेंटीमीटर तक पहुंच गया है, जो बाढ़ के स्तर से 24 सेंटीमीटर अधिक है। बदायूं में भी गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है।
बिहार में गंगा और बूढ़ी गंडक का प्रकोप
बिहार में गंगा और बूढ़ी गंडक नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। खगड़िया में गंगा खतरे के निशान से 2.04 मीटर ऊपर है, जबकि बूढ़ी गंडक एनएच-31 पुल के पास 1.73 मीटर ऊपर बह रही है। जिले की 17 पंचायतें बाढ़ग्रस्त हैं। समस्तीपुर में गंगा 2.20 मीटर ऊपर है, मधुबनी में कोसी का जलस्तर बढ़ा है और भुतही बलान भी उफान पर है। पटना में गंगा और सोन का जलस्तर अब घटने लगा है, हालांकि पुनपुन नदी में अभी भी तेजी बनी हुई है।
दिल्ली में टूटा 14 साल का रिकॉर्ड
लगातार बारिश के कारण दिल्ली में शनिवार को अगस्त का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 7.8 डिग्री कम 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा। 2011 के बाद यह अगस्त का सबसे ठंडा दिन है, इससे पहले 2012 में तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस तक गिरा था।
इसे भी पढ़ें- चुनाव आयोग ने राहुल गांधी से कहा— सबूत पेश करें या बयान पर माफी मांगें