
डिजिटल डेस्क। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में लिखा है कि 2010 में पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री पद के प्रति अपनी पुरानी इच्छा का संकेत दिया था। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में उन्होंने यूपीए सरकार के दौरान लगे "बैक सीट ड्राइवर" के आरोपों को भी पूरी तरह नकारा है।
सोनिया लिखती हैं कि सरकार और संगठन में तालमेल के लिए एक कोर ग्रुप हर हफ्ते प्रधानमंत्री से मिलता था। इसमें प्रणब मुखर्जी, अर्जुन सिंह, ए.के. एंटनी और अहमद पटेल शामिल थे। संसदीय रणनीति की बैठकों के बाद प्रणब मुखर्जी कभी-कभी उनसे अलग से बात करने के लिए रुक जाते थे।
उनके अनुसार, उस दौर में तत्कालीन वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के साथ प्रणब मुखर्जी के गंभीर मतभेद चल रहे थे। 2010 में एक मौके पर नाराजगी और हताशा जताते हुए उन्होंने अचानक कहा कि शायद अब शीर्ष स्तर पर बदलाव का समय आ गया है। सोनिया ने लिखा कि वह इस बात से चौंक गईं और तुरंत समझ गईं कि यह प्रधानमंत्री बनने की उनकी पुरानी आकांक्षा का इशारा था।
उन्होंने लिखा कि उन्होंने बड़ी शालीनता से बातचीत का विषय बदल दिया। उनके मुताबिक प्रणब मुखर्जी शायद निराश हुए होंगे, लेकिन उन्होंने इसे लेकर कभी कड़वाहट नहीं दिखाई। 2012 में कांग्रेस ने उन्हें राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया और वे देश के सर्वोच्च पद पर पहुंचे।
सोनिया ने लिखा कि उनके और डॉ. मनमोहन सिंह के बीच जिम्मेदारियों का स्पष्ट, भले ही अलिखित, बंटवारा था, जो 10 साल तक सफल रहा। सरकार की कमान मनमोहन सिंह के पास थी और संगठन की उनके पास। वह हमेशा सतर्क रहीं कि पार्टी और सरकार के बीच किसी गलतफहमी से विपक्ष को फायदा न मिले।
सोनिया ने उन आरोपों को सिरे से खारिज किया, जिनमें कहा जाता था कि वह सरकार के कामकाज में दखल देती थीं। उन्होंने प्रधानमंत्री के पूर्व सहयोगी संजय बारू की किताब के दावों को दुर्भावनापूर्ण और झूठा बताया। उनके अनुसार, यह मनगढ़ंत बात फैलाई गई कि वह पीएमओ से फाइलें मंगवाती थीं, प्रशासनिक मामलों में दखल देती थीं और बड़ी नियुक्तियां तय करती थीं।
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी से पहले भी था एक बेटा... सोनिया गांधी की आत्मकथा में बड़ा खुलासा, जन्म के बाद हुई थी मौत
उन्होंने लिखा कि जीवन में उन्होंने कई कड़े आरोप झेले, पर सरकारी फाइलें देखने का झूठा दावा उन्हें सबसे ज्यादा आहत कर गया, क्योंकि सरकार से बाहर किसी व्यक्ति का ऐसा करना पूरी तरह अनुचित होता। उन्होंने बताया कि तब पीएमओ ने भी आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया था कि उन्हें कभी कोई सरकारी फाइल नहीं दिखाई गई।
सोनिया ने मनमोहन सिंह की बेटी उपिंदर सिंह की उस प्रतिक्रिया का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने उस किताब को विश्वासघात बताया था। सोनिया ने दोहराया कि उनका और मनमोहन सिंह का रिश्ता हमेशा आपसी भरोसे और गहरे सम्मान पर टिका रहा।