
डिजिटल डेस्क। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के बाहर मंगलवार शाम एक संदिग्ध महिला द्वारा चाकू दिखाकर हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। इस घटना से तृणमूल कांग्रेस (TMC) खेमे और स्थानीय सुरक्षा हलकों में हड़कंप मच गया।
तृणमूल कांग्रेस सांसद डोला सेन द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम लगभग 6 बजे वह पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ पार्टी नेता वैश्वानर चट्टोपाध्याय के साथ कालीघाट मिलन संघ के दुर्गा पूजा पंडाल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान तन्निष्ठा साहा नामक महिला अचानक वहां पहुंची और ममता बनर्जी को संबोधित करते हुए उनकी तरफ बढ़ी।
आरोप है कि महिला अत्यधिक नशे में थी और उसने अचानक हमलावर रुख अपनाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री पर झपटने का प्रयास किया। इसके बाद वह सड़क पर गिरकर अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगी।
सांसद डोला सेन ने दावा किया कि महिला के पास धारदार चाकू मौजूद था। इसके अलावा, आरोपी महिला खुद को सिविक वॉलंटियर और पूर्व मुख्यमंत्री की भांजी बताकर भ्रम फैलाने की कोशिश भी कर रही थी।
घटना के तुरंत बाद सांसद डोला सेन ने कालीघाट पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी को ईमेल के जरिए औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को अपनी गिरफ्त में ले लिया।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर के तीन एथलीटों का जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए चयन, चेन्नई में दिखाएंगे दम
इस पूरे प्रकरण ने राज्य में पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तृणमूल सांसद ने आरोप लगाया कि मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की ओर से शुरुआती ढिलाई देखने को मिली, जिसके चलते ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई।