ब्रिक्स समिट के बाद दुनिया के कई नेताओं के बीमार पड़ने को लेकर सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों को विदेश मंत्रालय ने किया खारिज
नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स समिट के बाद दुनिया के कई नेताओं के बीमार पड़ने को लेकर सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों को विदेश मंत्रालय (MEA) ने खारिज क...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 17 Sep 2026 02:53:24 PM (IST)Updated Date: Thu, 17 Sep 2026 02:53:24 PM (IST)
HighLights
- विदेश मंत्रालय की फैक्ट चेक यूनिट ने जारी किया फेक अलर्ट
- चीन डेमोक्रेसी पार्टी के चेयरमैन ने किया था दावा
- रामफोसा ने सार्वजनिक कार्यक्रमों से बनाई दूरी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स समिट के बाद दुनिया के कई नेताओं के बीमार पड़ने को लेकर सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों को विदेश मंत्रालय (MEA) ने खारिज कर दिया है। मंत्रालय की फैक्ट चेक यूनिट ने इन दावों को भ्रामक बताते हुए लोगों को सोशल मीडिया पर फैल रही ऐसी पोस्ट से सतर्क रहने की सलाह दी है।
विदेश मंत्रालय की फैक्ट चेक यूनिट ने जारी किया फेक अलर्ट
विदेश मंत्रालय की फैक्ट चेक यूनिट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट जारी कर ब्रिक्स समिट में शामिल नेताओं की तबीयत बिगड़ने से जुड़े दावों को गलत बताया। MEA ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'फेक अलर्ट! हम सोशल मीडिया पर जारी इस तरह की पोस्ट की निंदा करते हैं।
मंत्रालय की यह प्रतिक्रिया उन सोशल मीडिया पोस्ट के बीच सामने आई है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि ब्रिक्स समिट में शामिल होने वाले कुछ नेताओं की तबीयत खराब हो गई। इन दावों में चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा का भी जिक्र किया गया।
चीन डेमोक्रेसी पार्टी के चेयरमैन ने किया था दावा
चीन डेमोक्रेसी पार्टी के चेयरमैन वानजुन जी की ओर से की गई एक सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया कि ब्रिक्स समिट के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग बेहोश हो गए थे। पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि उन्हें इलाज के लिए बीजिंग वापस ले जाने से पहले स्ट्रोक आया था। हालांकि, इस दावे की किसी चीनी अधिकारी या विश्वसनीय न्यूज आउटलेट की ओर से पुष्टि नहीं की गई है।
रामफोसा ने सार्वजनिक कार्यक्रमों से बनाई दूरी
वहीं, भारत में आयोजित ब्रिक्स समिट से लौटने के बाद दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूरी बना ली थी। उनके कार्यालय ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रपति के डॉक्टर ने खराब सेहत के कारण उन्हें आराम करने और ठीक होने की सलाह दी है। हालांकि, उनकी बीमारी की गंभीरता या उन्हें कौन-सी बीमारी है, इस बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
12 और 13 सितंबर को हुई थी ब्रिक्स समिट
नई दिल्ली में ब्रिक्स समिट का आयोजन 12 और 13 सितंबर को किया गया था। इसमें समूह के सभी सदस्य देशों के नेता और प्रतिनिधि शामिल हुए थे। चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा भी समिट में हिस्सा लेने वाले नेताओं में शामिल थे।