
नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। किचन सिंक बनाने वाली एक फैक्ट्री में लिफ्ट अचानक टूटकर नीचे गिर गई, जिसमें एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान सतेंद्र (निवासी भलस्वा डेयरी) के रूप में हुई है, जिसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री में कर्मचारी सतेंद्र लिफ्ट में सामान रख रहा था। तभी अचानक लिफ्ट टूटकर नीचे आ गिरी और वह घायल हो गया। मौके पर मौजूद सचिन नामक युवक ने घायल को तुरंत ईएसआई अस्पताल पहुंचाया और भर्ती कराया।
दो दिन पहले अस्पताल से इस हादसे की सूचना पुलिस को दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने फैक्ट्री संचालक के खिलाफ लापरवाही और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह हादसा लिफ्ट की तकनीकी खराबी या रखरखाव की कमी की वजह से हुआ हो सकता है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।