
डिजिटल डेस्क। त्योहारी सीजन में रेल यात्रियों की भारी भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए उत्तर रेलवे ने त्वरित कदम उठाया है। नियमित गाड़ियों में अत्यधिक दबाव को नियंत्रित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने कम समय की पूर्व सूचना (शॉर्ट नोटिस) पर अनारक्षित फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। रेल अधिकारियों के मुताबिक, प्रमुख मार्गों की नियमित ट्रेनों में यात्रियों की संख्या की निरंतर समीक्षा की जा रही है और उसी आधार पर आवश्यकतानुसार विशेष गाड़ियों का संचालन किया जा रहा है।
पंजाब और हरियाणा की ओर से बिहार जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने सरहिंद-सहरसा अनारक्षित स्पेशल ट्रेन शुरू की है। यह ट्रेन दोपहर 2:00 बजे सरहिंद रेलवे स्टेशन से प्रस्थान करेगी। मार्ग में यह गाड़ी राजपुरा जंक्शन, अंबाला कैंट जंक्शन, यमुनानगर जगाधरी और सहारनपुर जंक्शन पर रुकेगी। इसके उपरांत, यह ट्रेन पूर्णिया कोर्ट जनसेवा एक्सप्रेस (14618) और सहरसा त्योहार विशेष (04528) के निर्धारित मार्ग और ठहरावों का पालन करते हुए अपने गंतव्य सहरसा तक पहुंचेगी।
दिल्ली-एनसीआर से पूर्वोत्तर राज्यों और बिहार के भागलपुर रूट पर जाने वाले यात्रियों के लिए आनंद विहार टर्मिनल-भागलपुर अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाई गई है। यह ट्रेन दोपहर 1:30 बजे आनंद विहार टर्मिनल से विक्रमशिला एक्सप्रेस (12368) के पारंपरिक मार्ग पर रवाना की गई।
यह स्पेशल ट्रेन यात्रा के दौरान गाजियाबाद, अलीगढ़, टूंडला, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज जंक्शन, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, पटना, फतुहा, बख्तियारपुर, बाढ़, मोकामा, हाथीदह जंक्शन, लखीसराय जंक्शन, किउल, जमालपुर और सुल्तानगंज स्टेशनों पर ठहराव लेगी, जिससे रास्ते के प्रमुख शहरों के यात्रियों को भी सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
यह भी पढ़ें- नर्मदा स्नान के लिए निकले श्रद्धालुओं के साथ हादसा, ट्रक ने कार को मारी टक्कर, 4 की मौत; 5 का इलाज जारी