डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यमुना की सफाई और जल आपूर्ति से जुड़ी 10 परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जबकि 33 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं की कुल लागत 9,141 करोड़ रुपये बताई गई।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधा। शाह ने दावा किया कि भाजपा अगले 30 वर्षों तक सत्ता में रहेगी। उन्होंने कहा कि मई 2029 से पहले यमुना को निर्मल बनाकर जनता के बीच आएंगे।
यमुना की सफाई के लिए तैयार किया समयबद्ध रोडमैप
अमित शाह ने कहा कि ये परियोजनाएं यमुना की सफाई में रीढ़ की हड्डी साबित होंगी। सरकार बनने के एक महीने के भीतर ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यमुना की सफाई को लेकर दिल्ली सरकार और गृह मंत्रालय के साथ बैठक की थी। इसमें लक्ष्य तय किए गए थे।
उन्होंने कहा कि 40 प्रतिशत से अधिक गाद निकालने का काम किया जा चुका है। शाह के मुताबिक, करीब 9,000 करोड़ रुपये की लागत से गंदे पानी को शुद्ध करने और कई हजार करोड़ रुपये की लागत से पेयजल संबंधी परियोजनाएं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और प्रवेश वर्मा के प्रयासों से तैयार की गई हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने यमुना को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया है
गृह मंत्री ने कहा कि पहले केंद्र, दिल्ली और हरियाणा में अलग-अलग दलों की सरकारें थीं। औद्योगिक अपशिष्ट को यमुना में डालने पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। अब केंद्र, दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकारें हैं और चारों एक इकाई के रूप में काम कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यमुना को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया है। सरकार ऐसी दिल्ली बनाना चाहती है, जहां घर सुंदर हों, पानी शुद्ध हो, गलियां साफ हों, कूड़े के पहाड़ खत्म हों और निर्मल यमुना संगम तक पहुंचकर लोगों को आशीर्वाद दे।
9,141 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
अमित शाह ने बताया कि कुल 9,141 करोड़ रुपये की लागत वाली 43 परियोजनाओं में से 10 का लोकार्पण और 33 का शिलान्यास किया गया है। इनमें सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के उन्नयन, नए एसटीपी स्थापित करने, सीवर लाइनों और जल निकासी से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि किराड़ी समेत कई कॉलोनियों में घर-घर सीवर लाइन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे सीवेज प्रबंधन और जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होगी। शाह ने दोहराया कि मई 2029 से पहले यमुना को स्वच्छ करके जनता के सामने आएंगे।
बहाने की राजनीति करने वालों को जवाब देंगे
विपक्ष पर हमला बोलते हुए शाह ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल बहाने की राजनीति करते हैं। पहले आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की सरकारें केंद्र से मदद नहीं मिलने का आरोप लगाती थीं। केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनकी हर बात का जवाब है, लेकिन इसका जवाब तब देंगे, जब पंजाब में भी आम आदमी पार्टी की सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।
केजरीवाल ने अपराध फैलाने के अलावा कुछ नहीं किया
शाह ने दिल्ली में कूड़े के पहाड़ों को लेकर भी पूर्ववर्ती सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने अपराध फैलाने के अलावा कुछ नहीं किया और कूड़े के पहाड़ों पर केवल राजनीति की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कूड़े के पहाड़ों को कम करने का काम शुरू किया है और दो साल में वहां बगीचा दिखाई देगा।
गृह मंत्री ने दावा किया कि रेखा गुप्ता सरकार ने केंद्र की मोदी सरकार के सहयोग से 2.17 लाख टन कूड़ा साफ किया है। उन्होंने केजरीवाल के यमुना में तीन बार डुबकी लगाने के वादे का जिक्र करते हुए कहा कि जब प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल के कटआउट को डुबकी लगवाई, तो वह भी बीमार हो गया।
शाह ने कहा कि यमुना किनारे बांसेरा, असिता ईस्ट और वासुदेव घाट जैसे स्थानों पर काम हुआ है। सरकार ने ढाई साल की परियोजना तैयार की है, जिसके तहत हर घर तक शुद्ध पानी और सीवर की सुविधा पहुंचाने का लक्ष्य है।
वोट चोरी का बहाना बना रहा विपक्ष
अमित शाह ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर चुनाव में हार के बाद बहाने बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा विभिन्न राज्यों में चुनाव जीत रही है, इसलिए विपक्ष वोट चोरी का मुद्दा उठा रहा है। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि पूरा देश उन्हें समझ रहा है और वे वोट चोरी का मुद्दा उठाकर घुसपैठियों के वोट बचाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल कभी ईवीएम तो कभी वोट चोरी का मुद्दा उठाते हैं। गुजरात, बंगाल, तमिलनाडु, दिल्ली और असम समेत कई राज्यों में कांग्रेस लंबे समय से चुनाव नहीं जीत सकी है। इसके बावजूद जब वह चुनाव हारती है, तो चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाती है।
भाजपा अगले 30 वर्षों तक सत्ता में रहेगी
शाह ने कहा कि जब वह दावा करते हैं कि भाजपा अगले 30 वर्षों तक सत्ता में रहेगी, तो लोग सवाल करते हैं कि उन्हें यह कैसे मालूम है। उन्होंने कहा, मैं यहीं जन्मा, यहीं बड़ा हुआ और यहीं मरूंगा। मैं हर छह महीने में विदेश नहीं जाता। अगले 30 वर्षों तक कांग्रेस की सरकार नहीं बनने वाली।
उन्होंने केरल, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस के चुनाव आयोग और मतदाता सूची को सही बताने, जबकि हारने पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। शाह ने कहा कि अदालत उनके पक्ष में फैसला देती है तो वह अच्छी लगती है और विरोध में फैसला आने पर उस पर सवाल उठाए जाते हैं।
जनता के जनादेश को झुठलाया नहीं जा सकता
देश की जनता के जनादेश को झुठलाया नहीं जा सकता। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वह उनकी आवाज नहीं सुन सकते, क्योंकि विदेश में बैठे हैं। उन्होंने कहा कि विदेश में रहने का उनका निजी मामला है, लेकिन उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि अगले 30 वर्षों तक कांग्रेस सत्ता में नहीं आने वाली।
शाह ने कहा कि भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक जनता की समस्याओं को समझते हैं और उन्हें दूर करने के लिए काम करते हैं। यमुना की सफाई इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक हथकंडों, भीड़शाही और धरना-प्रदर्शन से जनता के जनादेश को नहीं झुठलाया जा सकता।
पंजाब में नशे के कारोबार को लेकर आप सरकार पर हमला
अमित शाह ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार के कार्यकाल में राज्य में नशे का कारोबार फला-फूला है। शाह ने दावा किया कि पंजाब की जनता ने वहां एनडीए की सरकार बनाने का मन बना लिया है।
शाह ने आरोप लगाया कि दिल्ली में हार के बाद केजरीवाल पंजाब में सक्रिय हैं, लेकिन वहां भी मुख्यमंत्री को काम नहीं करने दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में भी आम आदमी पार्टी का सूपड़ा साफ होने वाला है और 2029 तक राज्य से नशे के कारोबार को पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा।