Puri-Durg Express: बड़ी दुर्घटना टली, ओडिशा में दुर्ग-पुरी एक्सप्रेस के ब्रेक बाइंडिंग में लगी आग
Puri-Durg Express: ब्रेक के अधूरे रिलीज के कारण घर्षण के कारण ब्रेक पैड में आग लग गई।
By Arvind Dubey
Edited By: Arvind Dubey
Publish Date: Fri, 09 Jun 2023 07:32:43 AM (IST)
Updated Date: Fri, 09 Jun 2023 08:22:17 AM (IST)
ओडिशा में एक और बड़ा हादसा होते-होते बच गया। Puri-Durg Express: ओडिशा (Odisha) में गुरुवार रात एक और ट्रेन हादसा टल गया। नुआपाड़ा जिले में खरियार रोड स्टेशन के पास गुरुवा दुर्ग-पुरी एक्सप्रेस (Puri-Durg Express) के ब्रेक बाइंडिंग में आग लग गई, समय रहते इस पर नियंत्रण कर लिया गया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। बताया जा रहा है कि ट्रेन के एसी कोच संख्या बी -3 के नीचे ब्रेक बाइंडिंग के पास आग लगी थी।
सूचना मिलते ही दमकल की एक टीम मौके पर पहुंची और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। बाद में ट्रेन को उसके रूट पर भेजा गया। आग से कोई नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन आग लगने के बाद ट्रेन के कुछ यात्रियों और वहां मौजूद लोगों में भय की स्थिति उत्पन्न हो गई।
ईस्ट कोस्ट रेलवे (ईसीओआर) की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, ब्रेक के अधूरे रिलीज के कारण घर्षण के कारण ब्रेक पैड में आग लग गई। ईस्ट कोस्ट रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि कोच के अंदर कोई आग नहीं लगी थी और ब्रेक पैड के अलावा किसी अन्य नुकसान की सूचना नहीं थी। ईसीओआर ने पुष्टि की कि समस्या को ठीक कर लिया गया है और ट्रेन खरियार रोड स्टेशन से 23ः00 बजे रवाना हुई।
Odisha Train Accident: Latest Updates
इस बीच, बालेश्वर रेल दुर्घटना में जान गंवाने वाले कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिनके शव पर उन्हीं के परिवार के एक से अधिक लोग दावा कर रहे हैं। ऐसे शव किन्हें सुपुर्द किए जाएं, इसे लेकर प्रशासन भी असमंजस में है।
ऐसे ही एक मामले में बंगाल के कार्तिक बेरा के शव पर उसकी पत्नी और पिता दोनों ने अलग-अलग दावा किया है। कार्तिक की पत्नी पारिवारिक विवाद की वजह से अपनी बेटी के साथ मायके में रहती है। उधर कार्तिक की एक और पत्नी भी है, जो काफी दिनों से ससुराल के संपर्क में नहीं है।
दुर्घटना के छह दिन बाद भी 80 से अधिक शवों की हस्तांतरण प्रक्रिया बाकी है। कई की पहचान नहीं हो सकी है, दर्जनों शवों की पहचान डीएनए के माध्यम से कराई जा रही है। शवों को एम्स भुवनेश्वर में रखा गया है।