
प्रतापगढ़। राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में अपनी ही पत्नी को निर्वस्त्र कर गांव में घुमाने के मामले में पुलिस ने पति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद पूरे देश में चर्चा हो रही है। पुलिस ने मामले में सात अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया है। पति मुख्य आरोपी है, जिसका नाम काना मीणा है।
पीड़िता के पिता ने शनिवार को कहा कि आरोपियों ने बेटी की मर्यादा लूट ली। घटना परसों हुई थी। आरोपियों ने सब कुछ बर्बाद कर दिया। उसे पीटा और उसके कपड़े फाड़ दिए। बाद में 4-5 लोग आए और घर पर छोड़ कर चले गए। उनमें उसका पति भी शामिल था।
यह घटना कथित तौर पर सोमवार को हुई। महिला की पिछले साल ही शादी हुई थी। अब ससुराल वालों ने आरोप लगाया कि शादी से पहले महिला का किसी के साथ अफेयर था और अब उसने अपने प्रेमी के साथ भागने की कोशिश की।
रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद पति व अन्य ससुराल वालों ने महिला की पिटाई की। फिर उसके कपड़े फाड़ दिए। पूरी तरह से नग्न स्थिति में महिला को गांव में घुमाया गया। इसका वीडियो भी बनाया।
पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 294 (अश्लील हरकत), 354 (महिलाओं पर हमला), 365 (अपहरण) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 (अश्लील सामग्री प्रसारित करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बांसवाड़ा के आईजी एस परिमाला ने बताया कि घटना के सिलसिले में अब तक तीन मुख्य आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के पीछा करने पर भागने की कोशिश में आरोपी घायल हो गए। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। एफआईआर में कुल 10 आरोपियों के नाम हैं, हम इसमें शामिल बाकी लोगों की गिरफ्तारी की कोशिश कर रहे हैं।
#WATCH | Rajasthan | Three main accused have so far been detained in connection with the Pratapgarh incident. The accused got injured while trying to run away as police chased them. They are currently undergoing treatment. A total of 10 accused have been named in the FIR, we are… pic.twitter.com/g9pByysEcy
— ANI (@ANI) September 2, 2023
पूरे मामले में राजनीति भी शुरू हो गई है। भाजपा ने एक बार फिर आरोप लगाया है कि अशोक गहलोत के राज में राजस्थान की कोई महिला सुरक्षित नहीं है।
वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, “प्रतापगढ़ जिले में पीहर और ससुराल पक्ष के आपसी पारिवारिक विवाद में ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा एक महिला को निर्वस्त्र करने का एक वीडियो सामने आया है।”
“पुलिस महानिदेशक को एडीजी क्राइम को मौके पर भेजने एवं इस मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सभ्य समाज में इस तरह के अपराधियों की कोई जगह नहीं है। इन अपराधियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे डालकर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर सजा दिलवाई जाएगी।”