डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की 5 दिसंबर को घर में ही गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब शनिवार को इस मामले में पहली गिरफ्तारी पुलिस ने की है। जयपुर पुलिस ने हरियाणा में महेंद्रगढ़ जिले के सुरेली पिलानिया निवासी रामवीर (23) पुत्र सतवीर को गिरफ्तार कर लिया है।
रामवीर का शूटर नितिन फौजी से पुरानी दोस्ती है। दोनों 12वीं कक्षा तक साथ में ही पढ़े हैं। नितिन और रोहित राठौड़ ने गोगामेड़ी को घर में घुस कर गोली मार दी थी। उसके बाद से ही दोनों फरार हैं। रामवीर ने अपने संबंधों का इस्तेमाल कर नितिन को जयपुर में रुकवाया था। पुलिस ने रामवीर को उसके गांव जाकर गिरफ्तार किया था।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कैलाश चंद्र बिश्नोई ने बताया कि रामवीर और नितिन बहुत अच्छे दोस्त थे। उन दोनों का गांव पास में ही था। उन्होंने साथ में ही आपीएस स्कूल से पढ़ाई की थी। नितिन ने जयपुर में एक होटल और फ्लैट में रुककर गोगामेड़ी पर नजर रखी थी। उसने गोगामड़ी की पूरी दिनचर्या को देखा फिर हत्या की योजना बनाई। पुलिस ने गोगामेड़ी की हत्या के बाद सबूत जुटाना शुरू किए तो रामवीर के बारे में पता चला। पुलिस ने बताया कि रामवीर से अब पूछताछ होगी तो और ज्यादा जानकारी सामने आ सकेगी। रोहित और नितिन के कहां फरार हुए हैं, उसकी भी जानकारी मिल सकेगी।
गोगामड़ी पुलिस से सुरक्षा मांग रहे थे, लेकिन उन्हें किसी भी तरह की कोई मदद नहीं मिली थी। उसके बाद उन्होंने खुद के लिए छह बॉडीगार्ड हायर किए थे। घटना वाले दिन छह में से पांच सुरक्षा गार्ड छुट्टी पर थे। उनके हथियार विधानसभा चुनाव होने की वजह से पुलिस ने जमा कर लिए थे। ऐसे में गोगामेड़ी उनके अवकाश के लिए मान गए थे। गोगामेड़ी के पास एक बुलेटप्रूफ जैकेट भी थी, लेकिन वह घर पर थे इसलिए पहने नहीं थे।