
डिजिटल डेस्क। उत्तर भारत में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। दिसंबर की शुरुआत के साथ ही तीखी सर्दी ने दस्तक दे दी है और कई स्थानों पर सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल रहा है। वहीं, दक्षिण भारत के कई राज्य चक्रवात दितवाह के प्रभाव से भारी बारिश का सामना कर रहे हैं।
पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो चुकी है। कश्मीर के कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। ठंड में निरंतर बढ़ोतरी के कारण बच्चों और बुजुर्गों को अधिक दिक्कतें हो रही हैं। गिरते तापमान से दृश्यता प्रभावित हुई और ठिठुरन भी बढ़कर महसूस हुई।
दिल्ली में आज का मौसम
दिल्ली-एनसीआर अभी भी गंभीर प्रदूषण की स्थिति झेल रहा है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। इस बीच मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार को मौसम में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। आईएमडी ने बताया कि फिलहाल राजधानी में बारिश की संभावना नहीं है। तापमान में हल्की गिरावट जारी रहेगी, जिससे ठिठुरन और बढ़ सकती है।
यूपी में पारा और गिरेगा
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 2 और 3 दिसंबर को तापमान में उल्लेखनीय गिरावट देखने को मिलेगी। विभाग ने बताया कि मंगलवार को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहने की संभावना है, जबकि सुबह कुछ क्षेत्रों में हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है।
दक्षिण भारत में दितवाह का प्रभाव
उत्तर भारत में जहां ठंड का कहर है, वहीं दक्षिण भारत के कई हिस्से चक्रवात दितवाह के प्रभाव से प्रभावित हैं। तटीय श्रीलंका और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने इस चक्रवाती तूफान के कारण बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने कहा कि दो दिसंबर तक तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में भारी वर्षा हो सकती है।
चेन्नई में दितवाह से लगातार बारिश
श्रीलंका में तबाही मचाने के बाद चक्रवात ‘दितवाह’ कमजोर जरूर पड़ा है, लेकिन इसके असर से चेन्नई और आसपास के जिलों में सोमवार को लगातार बारिश होती रही, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा। भारी बारिश से मुख्य सड़कों पर जलभराव हो गया, पेड़ गिर गए और यातायात बाधित हुआ। ग्रेटर चेन्नई कारपोरेशन ने बताया कि निचले इलाकों में बचाव कार्यों के लिए 103 नावें तैयार रखी गई हैं।
एनडीआरएफ के करीब 60 और एसडीआरएफ के 30 कर्मियों को तैनात किया गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह तक चेन्नई और तिरुवल्लुर जिलों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। चक्रवात इस समय तमिलनाडु–पुडुचेरी तट के पास बना हुआ है। चेन्नई हवाईअड्डा प्राधिकरण ने 10 उड़ानें रद्द की हैं। चेन्नई और आसपास के जिलों, जिनमें चेंगलपट्टू भी शामिल है, के कई स्कूलों ने मंगलवार को अवकाश घोषित किया है।
इसे भी पढ़ें- 8th Pay Commission: डीए को बेसिक में मिलाने पर सरकार का साफ बयान, जानें क्या कहा