
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बाजार में बिकने वाले पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में छिपे नुकसानदायक तत्वों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। शीर्ष अदालत ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को निर्देश दिया है कि जिन उत्पादों में चीनी, नमक या वसा तय मानकों से ज्यादा हो, उनके पैकेट के सामने के हिस्से पर साफ चेतावनी चिह्न लगाए जाएं। कोर्ट के इस कदम से अब खरीदारी करते वक्त आम ग्राहक एक नजर में समझ सकेंगे कि कोई उत्पाद उनकी सेहत के लिए कितना सुरक्षित है।
जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए फ्रंट-ऑफ-पैकेज न्यूट्रिशन लेबलिंग (FoPNL) से जुड़े प्रावधानों को और कड़ा करने की बात कही है। अदालत ने FSSAI को दो टूक कहा है कि पैकेट के अगले भाग पर केवल 'एडेड शुगर' या 'एडेड फैट' का जिक्र काफी नहीं है। इसके बजाय अब 'टोटल शुगर' और 'सैचुरेटेड फैट' को नमक के साथ सेहत के लिए चिंताजनक तत्वों की श्रेणी में प्रमुखता से दर्शाया जाना चाहिए।
अदालत ने लेबलिंग के स्वरूप को लेकर भी स्पष्ट खाका खींचा है। निर्देश के मुताबिक, तय सीमा से अधिक मात्रा में मौजूद हर नुकसानदेह तत्व के लिए पैकेट के फ्रंट हिस्से पर अलग-अलग लाल रंग का षट्कोण (छह कोनों वाला) निशान बनाना अनिवार्य होगा। इस निशान में संबंधित तत्व की तस्वीर के साथ साफ और बड़े अक्षरों में 'हाई शुगर', 'हाई सॉल्ट' या 'हाई फैट' लिखा जाएगा, ताकि किसी को भी इसे पढ़ने या समझने में कोई उलझन न हो।
सुप्रीम कोर्ट ने केवल FSSAI ही नहीं, बल्कि केंद्र सरकार की जिम्मेदारी भी तय की है। बेंच ने केंद्र से कहा है कि वह खाद्य सुरक्षा और मानक (लेबलिंग और प्रदर्शन) विनियम, 2020 समेत पहले से मौजूद सभी संबंधित कानूनों का जमीनी स्तर पर पूरी गंभीरता और ईमानदारी के साथ पालन सुनिश्चित कराए।
अदालत के इस फरमान का सीधा असर पैकेटबंद फूड इंडस्ट्री पर पड़ने वाला है। अब तक कंपनियां पोषक तत्वों की जानकारी पैकेट के पीछे बेहद बारीक अक्षरों में छिपा देती थीं, जिस पर आम लोगों की नजर आसानी से नहीं जाती थी। नए आदेश के अमल में आने के बाद कंपनियां अपने उत्पादों के संभावित नुकसान को ग्राहकों से छिपा नहीं पाएंगी। दुकान पर सामान खरीदते समय ही लोगों को स्पष्ट चेतावनी दिख जाएगी, जिससे वे अपने और परिवार के लिए सेहतमंद खान-पान का सही चुनाव कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश के बैंकों में 3 दिसंबर को हड़ताल! 8 हजार कर्मचारी रहेंगे काम से दूर, कामकाज होगा ठप