
डिजिटल डेस्क। गुजरात के राजकोट जिले में एक दर्दनाक हादसे ने मध्य प्रदेश के एक मजदूर परिवार की खुशियां छीन लीं। गोंडल तालुका के शेमला गांव में झील में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार, शेमला गांव की झील के किनारे चार बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। बच्चों को पानी से बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने तीन बच्चों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 6 वर्षीय अर्जुन बाबरिया, 6 वर्षीय लखन डामोर और 3 वर्षीय लक्ष्मी डामोर के रूप में हुई है। वहीं साहिल नाम के बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे बेहतर उपचार के लिए राजकोट रेफर किया गया है।
बच्चों का परिवार मूल रूप से मध्य प्रदेश का
बताया जा रहा है कि बच्चों का परिवार मूल रूप से मध्य प्रदेश का रहने वाला है और मजदूरी के लिए गुजरात आया हुआ था। एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और मातम का माहौल देखने को मिला।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।
यह भी पढ़ें- एमपी में बारिश-आंधी का अलर्ट... भोपाल, इंदौर समेत 45 जिलों में बदलेगा मौसम, 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेगी हवा