
डिजिटल डेस्क, इंदौर। दिल्ली में रविवार को साल का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा था। इससे एक दिन पहले भी दिल्ली का तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मंगलवार तक दिल्ली का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पार जाने की संभावना है।
इस बीच मौसम विभाग ने कहा है कि शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजधानी दिल्ली में तेज हवाएं चली और हल्की बारिश हुई थी, लेकिन कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली के तापमान में फिर बढ़ोतरी होने लगी है। शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस था, जबकि पिछला उच्चतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस था, जो 26 अप्रैल को दर्ज किया गया था।

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा है कि पूर्वी भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। इसके अलावा पूर्वोत्तर क्षेत्र में 7 मई तक गरज के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, असम के उत्तर पूर्वी क्षेत्र में चक्रवाती पैटर्न वर्तमान में निचले क्षोभमंडल स्तर पर बना हुआ है, जो ओडिशा से लेकर बिहार तक प्रभाव डाल सकता है। बंगाल की खाड़ी से उठने वाली और पूर्वोत्तर भारत की ओर बढ़ने वाली तेज दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के कारण यहां 7 मई तक तापमान में कमी रहेगी। कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, गुजरात में गर्म और आर्द्र मौसम की स्थिति का अनुमान है। 6 मई को झारखंड में भी इसी तरह का मौसम पैटर्न होने की उम्मीद है। वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी, तटीय कर्नाटक, केरल और माहे में भी 7 मई तक मौसम में आद्रता रहेगी। कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले सप्ताह में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में छिटपुट गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।