
डिजिटल डेस्क, जम्मू। जम्मू-कश्मीर के सीमांत जिले पुंछ में एलओसी के पास से एक अजीबोगरीब वाकया सामने आया है। यहां सरहदी गांव की एक महिला अपने आठ मवेशियों (बकरियों) को साथ लेकर कथित रूप से नियंत्रण रेखा लांघते हुए पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में दाखिल हो गई। सीमा पर हुई इस हलचल के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
सूत्रों से प्राप्त विवरण के मुताबिक, पीओके की सीमा में जाने वाली महिला की शिनाख्त करनी गांव निवासी मोहम्मद शफी की पत्नी रुबीना कौसर के रूप में की गई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, महिला शाम के वक्त इलाके में बकरियां चराने के दौरान नियंत्रण रेखा पार कर उस पार चली गई।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस के एक उच्चाधिकारी ने बताया कि घटना की पृष्ठभूमि और वास्तविक तथ्यों की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है। महिला के सीमा पार करने की परिस्थितियों को लेकर सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां विस्तृत जानकारी जुटाने में लगी हैं।
यह भी पढ़ें- बेंगलुरु के 5-स्टार होटल के स्विमिंग पूल में करंट फैलने से दो विदेशियों की मौत, बचाने आए दो लोग भी घायल
अधिकारियों का कहना है कि यह अनजाने में सीमा लांघने का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसकी जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।