
डिजिटल डेस्क। गुजरात के साबरकांठा जिले के चिथोडा थाने में पदस्थ एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) की जघन्य हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस सनसनीखेज वारदात में उसी पुलिस स्टेशन में कार्यरत एक महिला हेड कॉन्स्टेबल का नाम मुख्य साजिशकर्ता के रूप में सामने आया है।
प्रेम प्रसंग से पीछा छुड़ाने के लिए महिला पुलिसकर्मी ने अपने ही विभाग के ASI को मौत के घाट उतार दिया और बाद में परिजनों व परिचितों के साथ मिलकर लाश को उनकी ही गाड़ी में रखकर आग के हवाले कर दिया। अरावली लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी हेड कॉन्स्टेबल अल्फा कलसवा (37) और उसके तीन सहयोगियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
मृतक पुलिसकर्मी की शिनाख्त अरावली जिले के भिलोडा तालुका अंतर्गत जिंझोडी गांव के रहने वाले अश्विन तबियाद के रूप में की गई है। वे चिथोडा थाने में इंस्पेक्टर के पर्सनल राइटर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। घटनाक्रम के अनुसार, अश्विन 8 नवंबर की रात सवा दस बजे के आसपास ड्यूटी पर जाने की बात कहकर अपनी मारुति अर्टिगा कार से घर से निकले थे, लेकिन फिर उनकी कोई खबर नहीं मिली।
इसके ठीक दो दिन बाद, 10 नवंबर को भिलोडा तालुका के पादरा गांव के समीप हथमाती नदी के किनारे उनकी अर्टिगा कार पूरी तरह जली हुई अवस्था में मिली। वाहन के भीतर से बुरी तरह झुलसे हुए मानव अवशेष बरामद हुए, जिन्हें देखकर मृतक के पिता बाबू तबियाद ने अपने बेटे के साथ अनहोनी होने की आशंका व्यक्त की थी।
अरावली LCB की गहन तफ्तीश के दौरान इस कत्ल की चौंकाने वाली वजह उजागर हुई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अश्विन तबियाद का उसी थाने की महिला सुरक्षा टीम में तैनात हेड कॉन्स्टेबल अल्फा कलसवा के साथ प्रेम संबंध था। समय के साथ अल्फा इस रिश्ते को खत्म करना चाहती थी, मगर अश्विन लगातार संबंध बनाए रखने के लिए उस पर दबाव डाल रहा था। इसी खींचतान के बीच 8 नवंबर की रात अल्फा ने अश्विन को चिथोडा स्थित अपने किराए के आवास पर बुलाया, जहां रात के समय ही उसने ASI की हत्या कर दी।
अरावली के पुलिस अधीक्षक (SP) मनोहरसिंह जडेजा ने वारदात के बाद सबूत नष्ट करने की साजिश का ब्योरा देते हुए बताया कि कत्ल करने के बाद अगली सुबह अल्फा ने मदद के लिए अपने भाई कल्पेश कलसवा को बुलाया। कल्पेश अपने चचेरे भाई पंकज के साथ मारुति ईको वैन लेकर मौके पर पहुंचा। तीनों ने मिलकर शव को एक बोरे में पैक किया और दिनभर घर के भीतर ही छिपाए रखा।
इसके बाद योजना के तहत पंकज मृतक की अर्टिगा गाड़ी को चलाकर कनादार गांव के बाहरी हिस्से में स्थित एक मंदिर के पास सुनसान वन क्षेत्र में ले गया, जबकि अल्फा और कल्पेश ईको गाड़ी से उसके पीछे-पीछे गए। अर्टिगा को जंगल में खड़ा कर तीनों वापस चिथोडा आ गए। अंधेरा घिरने पर कल्पेश ने अपने मित्र मनोज निनामा को भी इस साजिश में शामिल किया।
चारों आरोपी ईको वैन में शव रखकर जंगल पहुंचे और बोरे को अर्टिगा की बीच वाली सीट के पास रख दिया। इसके बाद मनोज अर्टिगा ड्राइव कर पादरा गांव की तरफ ले गया और बाकी आरोपी ईको से पीछे चलते रहे। हथमाती नदी के पास सुनसान जगह देखकर सभी ने गाड़ी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
तफ्तीश में जुटी पुलिस टीम ने अरावली और साबरकांठा जिलों के विभिन्न मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, कॉल डिटेल व तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ मुखबिर तंत्र की मदद से पूरी कड़ी जोड़ी। जांच के दौरान यह अहम सुराग हाथ लगा कि वारदात को अंजाम देने से पूर्व आरोपियों ने विजय नगर स्थित एक पेट्रोल पंप से ईको वैन में आकर प्लास्टिक के कैन में पेट्रोल भरवाया था। पुख्ता सबूत एकत्र होने के बाद पुलिस ने अल्फा कलसवा, उसके भाई कल्पेश कलसवा, चचेरे भाई पंकज और दोस्त मनोज निनामा को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें- कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, मुठभेड़ में मारा गया लश्कर का मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ भट