डिजिटल डेस्क, इंदौर। Who Is Nafe Singh Rathi: किसान आंदोलन के इतर हरियाणा एक हाईप्रोफाइल मर्डर की वजह से चर्चा के केंद्र में आ गया है। इंडियन नेशनल लोकदल के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी को गोलियों से बदमाशों ने भून दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वह इंडियन नेशनल लोकदल के संगठन में सबसे मजबूत नेताओं में शामिल थे। वह दो बार के विधायक थे। उसके अलावा बहादुरगढ़ नगर परिषद के दो बार के चैयरमैन भी रहे थे। वह ऑल इंडियन स्टाइल रेसलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रहे हैं।
नफे सिंह राठी के जाने से चौटाला परिवार को बहुत गहरा आघात पहुंचा है, क्यों कि वह उनके सबसे विश्वास पात्रों में से थे। वह 1996 से 2005 तक लगातार विधायक रहे। उन्होंने रोहतक से लोकसभा चुनाव में हाथ आजमाया था, लेकिन जीत नहीं सके थे। दुष्यंत चौटाला ने जब आईएनएलडी को तोड़कर जेजेपी बनाई थी, तब भी उन्होंने अभय चौटाला व ओपी चौटाला का साथ नहीं छोड़ा था। उन्होंने दुष्यंत पर जमकर हमला बोला था।
नफे सिंह राठी इन दिनों लोकसभा चुनाव को लेकर खासे सक्रिय थे। आईएनएलडी की हरियाणा परिवर्तन यात्रा निकल रही है। वह इस यात्रा की अगुवाई कर रहे थे। वह जमीन से जुड़े नेता थे। कार्यकर्ताओं के बीच में ही रहना उनको पसंद था। पार्टी हैंडल पर उनकी हरियाणा परिवर्तन यात्रा के दौरान जन संवाद की तस्वीरें काफी साझा की जाती थीं। चौटाला परिवार के साथ भी उनकी तस्वीरें काफी हैं। उनकी मौत से इंडियन नेशनल लोकदल को काफी क्षति हुई है।