
एजेंसी, नई दिल्ली (Arvind Kejriwal Arrest Updates)। दिल्ली शराब नीति केस में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर सुप्रीम कोर्ट में आज भी अहम सुनवाई होगी। केजरीवाल ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई को गैरकानूनी करार दिया है।
बता दें, इस केस पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने केजरीवाल को चुनाव प्रचार के लिए 1 जून तक जमानत दी है। इसे पहले केजरीवाल की गिरफ्तारी का केस दिल्ली हाई कोर्ट में चला था। वहां राहत नहीं मिलने के बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था।

इससे पहले, गुरुवार को हुई सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने केजरीवाल को चुनाव प्रचार के लिए अंतरिम जमानत दिए जाने पर चल रही राजनीतिक चर्चा को विराम देते हुए कहा कि उन्हें अंतरिम जमानत कोई अपवाद नहीं है। कोर्ट ने जो महसूस किया, वह आदेश में कहा है।
शीर्ष कोर्ट ने कहा कि आदेश के आलोचनात्मक विश्लेषण का स्वागत है। इसके साथ ही कोर्ट ने अंतरिम जमानत पर बाहर आने के बाद केजरीवाल द्वारा दिए गए बयान पर ईडी की आपत्ति दरकिनार कर दी और कहा कि वह इसमें नहीं पड़ेगा।