
धर्म डेस्क। हिंदू धर्म में भाई दूज का त्योहार भाई-बहन के बीच अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक माना जाता है। पांच दिवसीय दीपोत्सव का समापन इसी पर्व के साथ होता है। इस दिन बहनें अपने भाई के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, सुख और समृद्धि की कामना करती हैं। वहीं, भाई भी बहनों को उपहार देकर उनकी रक्षा और सम्मान करने का वचन देते हैं।
भाई दूज से जुड़ी कई परंपराओं का धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व है। ऐसी ही एक महत्वपूर्ण परंपरा है, इस दिन भाई का अपनी बहन के घर जाकर भोजन करना।
भाई दूज के दिन बहन के घर जाकर भोजन करने की परंपरा केवल एक धार्मिक रस्म नहीं है, बल्कि भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम, आत्मीयता और समृद्धि का प्रतीक भी मानी जाती है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भाई दूज पर बहन के घर भोजन करना शुभ माना जाता है। लेकिन इस परंपरा के पीछे क्या मान्यता है और इससे कौन से लाभ जुड़े हैं? आइए जानते हैं।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भाई दूज के दिन विवाहित बहन को अपने भाई को घर आमंत्रित करके भोजन कराना चाहिए। ऐसा माना जाता है कि इस परंपरा का पालन करने से बहन के घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है और मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है।
धार्मिक मान्यता है कि इस दिन बहन के हाथों से बना भोजन करने से भाई और बहन दोनों के जीवन में सुख और समृद्धि आती है। यह परंपरा उनके रिश्ते को और मजबूत बनाने के साथ ही परिवार के सदस्यों के बीच प्रेम, स्नेह और सौहार्द की भावना भी बढ़ाती है।
Bhai Dooj Wishes 2026: इन प्रेम भरे शब्दों से भाई-बहन भेजें भाई दूज के बधाई संदेश
धार्मिक परंपराओं के अनुसार, भाई दूज के दिन भोजन तैयार करते समय और ग्रहण करते समय कुछ बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
सात्विक भोजन बनाएं: इस दिन बहन को अपने भाई के लिए शुद्ध और सात्विक भोजन तैयार करना चाहिए।
तामसिक भोजन से बचें: भोजन में मांस, मदिरा और अन्य तामसिक पदार्थों को शामिल नहीं करना चाहिए।
प्रेमपूर्वक भोजन कराएं: बहन को अपने भाई का आदर-सत्कार करते हुए प्रेम से भोजन कराना चाहिए।
शुभकामनाएं दें: भोजन कराने के साथ बहन को अपने भाई की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी जीवन की कामना करनी चाहिए।