_m.webp)
धर्म डेस्क। ज्योतिष शास्त्र में बुध ग्रह को बुद्धि, वाणी, तर्क और संवाद का कारक माना जाता है। इंसान अपनी बात किस तरह दूसरों के सामने रखता है, फैसले लेते समय कितना सोचता है और रिश्तों में अपनी भावनाएं कैसे जाहिर करता है, इन सभी चीजों को बुध से जोड़कर देखा जाता है। दिसंबर में बुध का राशि परिवर्तन इन्हीं मामलों को लेकर खास माना जा रहा है।
वैदिक ज्योतिष के अनुसार, 2 दिसंबर 2026 को शाम 5 बजकर 27 मिनट पर बुध तुला राशि से निकलकर वृश्चिक राशि में प्रवेश करेंगे। इस राशि में बुध 22 दिसंबर तक रहेंगे। वृश्चिक राशि को रहस्यों, गहराई और छिपी हुई भावनाओं से जोड़कर देखा जाता है। ऐसे में इस गोचर के दौरान बातचीत में गंभीरता और लोगों के व्यवहार को समझने की इच्छा बढ़ने की ज्योतिषीय मान्यता है।
बुध को संवाद और अभिव्यक्ति का ग्रह कहा जाता है, जबकि वृश्चिक राशि का स्वभाव गहराई से जुड़ा माना जाता है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, इस गोचर के दौरान कुछ लोग अपनी भावनाएं खुलकर जाहिर करने के बजाय उन्हें मन में रखना पसंद कर सकते हैं। छोटी-छोटी बातों पर ज्यादा सोचने और दूसरों की बातों के पीछे छिपे मतलब तलाशने की प्रवृत्ति भी बढ़ सकती है।
हालांकि, हर बात मन में रखना बुध के कमजोर होने का संकेत नहीं है। इसके लिए कुंडली में बुध की स्थिति, उस पर पड़ने वाली ग्रहों की दृष्टि और अन्य योगों को देखना जरूरी माना जाता है।
बुध का संबंध बातचीत, लेखन और व्यापार से भी माना जाता है। वृश्चिक राशि में इसके प्रवेश को लेकर ज्योतिषियों का मानना है कि लोग अपनी बात पहले से ज्यादा सोच-समझकर रख सकते हैं। इस दौरान गंभीर बातचीत, पुराने विवादों को सुलझाने और रिश्तों में छिपी गलतफहमियों को समझने की कोशिश बढ़ सकती है।
दूसरी ओर, बिना सोचे-समझे कही गई कोई बात रिश्तों में तनाव भी पैदा कर सकती है। ऐसे में इस गोचर के दौरान शब्दों का चुनाव और बातचीत का तरीका महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, यह समय सिर्फ बोलने का नहीं, बल्कि दूसरों की बात ध्यान से सुनने और अपनी भावनाओं को समझने का भी हो सकता है।
यह भी पढ़ें- 2027 में इस दिन शनि बदलेंगे अपनी चाल! जानिए किन राशियों की खत्म होगी साढ़ेसाती, किस पर शुरू होगी ढैय्या