
Vastu Tips: वास्तु शास्त्र के मुताबिक घर के निर्माण और इसकी साज-सज्जा में दिशाओं और उनके स्वामी ग्रहों का ध्यान रखना बहुत आवश्यक होता है। अगर शुरु से ही इसका ध्यान रखा जाए, तो घर वास्तु संतुलित और वास्तु के अनुरूप होता है। ऐसे घर में हमेशा सकारात्मक ऊर्जा का निवास होता है और सुख-समृद्धि आती है। वहीं अगर शुरुआत से ही इनका ध्यान ना रखा जाए तो कुछ परेशानियां हमेशा पीछे लगी रहती हैं और कभी चैन नहीं मिल पाता। तो चलिए आज आपको वास्तु में दिशा और उनके स्वामी ग्रहों के बारे में बताएं, ताकि उनके मुताबिक घर का निर्माण और साज-सज्जा की जा सके।
जीवनदायक सूर्य पूर्व दिशा के स्वामी होते हैं। इन्हें सेहत, सम्मान और ऐश्वर्य प्रदान करने वाला माना जाता है। इस दिशा में पूजाघर या शयन कक्ष होना बेहतर होता है। वास्तु के अनुसार इस दिशा में कभी कोई भारी सामान नहीं रखना चाहिए।
वास्तु शास्त्र के अनुसार मन,माता और संपत्ति के कारक ग्रह चंद्रमा वायव्य दिशा के स्वामी चंद्रमा होते हैं। वायव्य दिशा में भोजन कक्ष, अतिथि गृह और कन्याओं का कमरा होना शुभ होता है।
दक्षिण दिशा के स्वामी ग्रहों में मंगलदेव और देवताओं में यम होते हैं। मंगल ग्रह साहस, पराक्रम और धन के कारक हैं। वास्तु के अनुसार इस दिशा में शयन कक्ष और स्टोर रूम रखना शुभ होता है।
बुध ग्रह उत्तर दिशा के स्वामी होते हैं और धन के देवता भगवान कुबेर इस दिशा के देव माने जाते हैं। बुध वाणी, लेखन और संपन्नता के कारक ग्रह हैं। ऐसे में इस दिशा में स्टडी रूम और तिजोरी रखना शुभ होता है।
गुरु ग्रह उत्तर-पूर्व यानी ईशान कोण के स्वामी ग्रह होते हैं। भगवान विष्णु इस दिशा के देवता माने जाते है। गुरु ग्रह अध्यात्म और सुख प्रदान करने वाले ग्रह होते हैं। इस दिशा में पूजा स्थल रखना बहुत शुभ और लाभकारी होता है।
शुक्र ग्रह आग्रेय कोण के अधिपति ग्रह होते हैं और इस दिशा के स्वामी अग्निदेव होते हैं। शुक्र ग्रह सौंदर्य, सुख-सुविधा और ऐश्वर्य देने वाले ग्रह माने जाते हैं। इस दिशा में रसोई घर, बिजली से जुड़े चीजें रखना शुभ होता है।
पश्चिम दिशा के स्वामी ग्रह शनिदेव होते हैं। वहीं वरुण देव भी इस दिशा के देव हैं। पश्चिम दिशा से लाभ और सुख का पता चलता है। इस दिशा में ड्राइंगरूम, बेडरूम या पुस्तकालय होना शुभ माना जाता है।
दक्षिण- पश्चिम दिशा या नैऋत्य कोण के स्वामी राहु ग्रह होते हैं। इस दिशा में ऑफिस, बाथरूम या स्टोर रूम बनाना लाभदायक रहता है। इस दिशा में सबसे भारी चीजें रखना शुभ होता है। घर की इस दिशा में भूलकर भी खुला स्थान ना छोड़ें।
डिसक्लेमर
'इस लेख में दी गई जानकारी/सामग्री/गणना की प्रामाणिकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। सूचना के विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/धार्मिक मान्यताओं/धर्मग्रंथों से संकलित करके यह सूचना आप तक प्रेषित की गई हैं। हमारा उद्देश्य सिर्फ सूचना पहुंचाना है, पाठक या उपयोगकर्ता इसे सिर्फ सूचना समझकर ही लें। इसके अतिरिक्त इसके किसी भी तरह से उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता या पाठक की ही होगी।'