
धर्म डेस्क। बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी में पारंपरिक रस्मों की झलक देखने को मिली। शादी के दौरान ‘चुमावन’ की रस्म निभाई गई, जिसमें परिवार की महिलाओं ने मंगल गीत गाकर दुल्हन को आशीर्वाद दिया। बिहार और पूर्वांचल के कई इलाकों में विवाह के दौरान निभाई जाने वाली इस परंपरा को वर-वधू के सुखी वैवाहिक जीवन की कामना से जोड़ा जाता है। आइए जानते हैं क्या होती है चुमावन की रस्म और शादी में क्यों निभाई जाती है यह परंपरा।
चुमावन बिहार, भोजपुरी और मिथिला क्षेत्र की पारंपरिक विवाह रस्मों में शामिल है। इसमें घर की महिलाएं और बुजुर्ग वर-वधू को आशीर्वाद देते हैं। इस रस्म का उद्देश्य नवविवाहित जोड़े के जीवन में सुख, समृद्धि, खुशहाली और लंबी उम्र की कामना करना होता है।
अलग-अलग क्षेत्रों और परिवारों में चुमावन करने का तरीका अलग हो सकता है। कई जगह महिलाएं दूल्हा या दुल्हन के माथे और चेहरे के पास पारंपरिक तरीके से चुमावन करती हैं। इस दौरान मंगल गीत गाए जाते हैं। परिवार की महिलाएं शादी के गीतों के जरिए अपनी खुशी और शुभकामनाएं व्यक्त करती हैं।
चुमावन की रस्म में दूर्वा घास और अक्षत यानी साबुत चावल का विशेष महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं में दूर्वा को दीर्घायु और अक्षत को समृद्धि का प्रतीक माना गया है। इसलिए शुभ अवसरों पर इनका इस्तेमाल किया जाता है।
इस रस्म के दौरान महिलाएं पारंपरिक पूजन सामग्री के साथ वर-वधू को आशीर्वाद देती हैं। कुछ परिवारों में दुल्हन के माथे पर आंचल रखकर या दूब और चावल से प्रतीकात्मक रूप से चुमावन किया जाता है।
लोक मान्यताओं के अनुसार, चुमावन के जरिए वर-वधू को बुरी नजर से बचाने और उनके वैवाहिक जीवन में सुख-शांति बनाए रखने की कामना की जाती है। इसे शादी की मंगल रस्मों में से एक माना जाता है।
इस रस्म का भावनात्मक महत्व भी है। खासकर बेटी की शादी के दौरान मां, दादी और परिवार की दूसरी महिलाएं चुमावन के जरिए उसे नए जीवन के लिए आशीर्वाद देती हैं। मंगल गीतों के माध्यम से परिवार की खुशी, भावनाएं और पीढ़ियों से चली आ रही परंपराएं व्यक्त होती हैं।
बिहार की शादियों में चुमावन जैसी रस्में आज भी लोक संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं को जीवित रखती हैं। आधुनिक और भव्य शादी समारोहों के बीच ये रस्में लोगों को अपनी जड़ों और संस्कृति से जोड़ने का काम करती हैं।
यह भी पढ़ें- Aaj Ka Rashifal: इन राशियों की चमकेगी किस्मत, मिलेगी नौकरी और प्रमोशन, जानें मेष से मीन तक का हाल