सनातन धर्म में जानवरों को महत्वपूर्ण माना गया है। गाय, कुत्ता, बिल्ली, कबतूर, तोता, हाथी, कछुआ और सांप जैसे कई जानवरों का धार्मिक ग्रंथों में उल्लेख मिलता है। ये जानवर ही देवी-देवताओं के वाहन होते हैं। इन जानवरों को लेकर कई मिथक और अंधविश्वास लोगों में फैला हुआ है। लोग कुछ जानवरों को शुभ और कुछ को अशुभ मानते हैं। इन्हीं में से एक बिल्ली को लेकर अक्सर शुभ और अशुभ जैसे सवाल उठते रहते हैं। बता दें कि, धर्म शास्त्र के अनुसार, बिल्ली मां लक्ष्मी की बहन अलक्ष्मी का वाहन है। अलक्ष्मी दरिद्रता की देवी मानी जाती हैं। अलक्ष्मी को राहु ग्रह के आधीन माना गया है। बिल्ली का घर में प्रवेश करना अशुभ माना जाता है खासतौर पर काली बिल्ली। वहीं, कुछ जगहों पर बिल्ली को शुभ माना जाता है। आइये जानते हैं क्या है पूरा सच
बिल्ली का शुभ होना
भारत में बिल्ली को शुभ-अशुभ मानने के दो पक्ष हैं। दक्षिण भारत में बिल्ली को शुभ माना जाता है। यहां की सभ्यता में बिल्ली को बुरी शक्तियों से व्यक्ति की रक्षा करने वाला बताया गया है। इसके प्रतीक के तौर पर कर्नाटक के मांड्या जिले से 30 किलोमीटर दूर बेक्का लेले गांव में एक हजार साल पुराना बिल्ली का एक मंदिर बना हुआ है। जहां बिल्लियों की पूजा होती हैं। यहां बिल्ली को देवी मंगम्मा का अवतार माना जाता है। वहीं, विदेशों में, खासतौर पर चीन और जापान में बिल्ली को शुभ प्रतीक माना जाता है। फेंगशुई मान्यताओं के अनुसार बिल्ली को घर में रखना शुभ बताया गया है। ऐसा कहा जाता है कि सफेद बिल्ली पालने से आर्थिक स्थितियां सुधरती हैं। यदि आपके घर में एकदम सफेद बिल्ली आती है, तो इसे आप शुभ प्रतीक मान सकते हैं क्योंकि सफेद बिल्ली अपने साथ शुभ समाचार भी लाती है। सफेद बिल्ली के आगमन से घर की सभी नकारात्मक ऊर्जाएं भी समाप्त हो जाती हैं।
बिल्ली का अशुभ होना
हिन्दू धार्मिक शास्त्रों में काली बिल्ली को बहुत ही अशुभ माना गया है। इन्हें काली शक्तियों का प्रतीक माना जाता है। काली बिल्ली रास्ता काट जाए तो अपशकुन होता है। वहीं काली बिल्ली आपसे टकरा जाए या आप पर हमला या जीवन में संकट आने का संकेत माना जाता है। घर में काली बिल्ली का होना भूत-प्रेत के होने का संकेत भी माना जाता है। धार्मिक ग्रंथ नारद पुराण के अनुसार बिल्ली के घर में बार-बार आने को शुभ नहीं माना गया है। शास्त्रों के मुताबिक बिल्ली का घर में रखा दूध पी जाना या फिर उसमें मुंह मार देना धन हानि का संकेत होता है। बिल्ली का घर में मल त्याग करना अनहोनी की संभावना को बढ़ाता है।