
सुरेन्द्र दुबे, नईदुनिया, जबलपुर। जहां इतिहास और रहस्य, श्रद्धा और साधना, लोकविश्वास और तांत्रिक परंपरा एक-दूसरे में इस तरह घुल-मिल जाते हैं कि उन्हें अलग-अलग पहचानना कठिन हो जाता है। मेडिकल कालेज के आगे स्थित बाजनामठ भैरव मंदिर ऐसा ही एक अद्वितीय स्थल है, जिसे मध्यभारत की तांत्रिक साधना का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है।
मान्यता है कि प्राचीन त्रिपुरी में त्रिपुरासुर के विनाश और भगवान शिव की विजय के उपरांत मां त्रिपुरसुंदरी तथा काल भैरव की स्थापना हुई थी। उसी आध्यात्मिक परंपरा की एक सशक्त कड़ी के रूप में बाजनामठ आज भी श्रद्धालुओं और साधकों को आकर्षित करता है। देश में काल भैरव के अनेक प्राचीन मंदिर हैं, किंतु तांत्रिक साधना की दृष्टि से काशी, महोबा और जबलपुर के बाजनामठ को विशेष महत्व प्राप्त है।
हर माह कृष्ण पक्ष की अष्टमी भगवान काल भैरव को समर्पित मानी जाती है, जबकि भैरवाष्टमी के अवसर पर यहां श्रद्धा का विशेष उत्सव दिखाई देता है। शनिवार और रविवार को मंदिर परिसर में भक्तों का विशाल जमावड़ा लगता है। कोई शनि और राहु की पीड़ा से मुक्ति की कामना लेकर आता है, तो कोई जीवन की बाधाओं को दूर करने का विश्वास लेकर। लोकमान्यता है कि भैरव बाबा को तेल, पुष्प और ध्वजा अर्पित करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
कहा जाता है कि इसकी प्रत्येक ईंट शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रों के साथ स्थापित की गई थी। परंपरा के अनुसार देश में ऐसे विरल मंदिरों की संख्या अत्यंत सीमित है। मंदिर का बाह्य स्वरूप जितना सादा दिखाई देता है, उसका आंतरिक वातावरण उतना ही रहस्यमय और साधनामय प्रतीत होता है। पहाड़ी और जलाशय के समीप स्थित यह मंदिर प्रकृति की गोद में ऐसा अनुभव कराता है मानो समय यहां ठहर गया हो।
इतिहासकार डा.आनंद सिंह राणा के अनुसार वर्तमान मंदिर का निर्माण गोंड शासक राजा संग्राम शाह ने सोलहवीं शताब्दी में कराया था। संग्राम शाह केवल एक पराक्रमी शासक ही नहीं, बल्कि भैरव उपासना के अनन्य भक्त भी थे।
लोककथाओं में वर्णित है कि वे महत्वपूर्ण युद्धों और राजकीय अभियानों से पूर्व यहां आकर आशीर्वाद प्राप्त करते थे। जनश्रुतियां यहां तक कहती हैं कि भैरव कृपा के कारण उन्होंने अपने जीवन में कभी पराजय का मुंह नहीं देखा। यद्यपि इतिहास इन कथाओं की पुष्टि नहीं करता, किंतु यह निर्विवाद है कि बाजनामठ गोंड शासनकाल की धार्मिक चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है।
मंदिर का भीतरी वातावरण श्रद्धा और रहस्य का अनूठा संगम प्रस्तुत करता है। गर्भगृह में स्थापित भैरव प्रतिमा के सामने पहुंचते ही धूप और दीप की सुगंध, घंटियों की ध्वनि तथा गूंजती हुई प्रार्थनाएं एक विशेष आध्यात्मिक अनुभूति उत्पन्न करती हैं। कहा जाता है कि मंदिर की संरचना ऐसी है कि हल्की-सी ध्वनि भी पूरे परिसर में प्रतिध्वनित हो उठती है। भक्तों द्वारा उच्चारित बम-बम का स्वर मानो मंदिर की दीवारों से टकराकर कई गुना होकर लौटता है और वातावरण को शिवमय बना देता है।
बाजनामठ केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि तांत्रिक परंपरा की एक महत्वपूर्ण स्मृति भी है। प्राचीन काल में यह क्षेत्र शैव साधना और तंत्र विद्या के अध्ययन के लिए प्रसिद्ध था। अनेक विद्वानों का मत है कि त्रिपुरी क्षेत्र में शैव मत की सुदृढ़ स्थापना के साथ यहां तंत्र साधना की विशिष्ट परंपरा विकसित हुई। चौसठ योगिनियों की उपासना, भैरव साधना तथा विभिन्न तांत्रिक अनुष्ठानों से जुड़ी अनेक लोककथाएं आज भी यहां सुनाई देती हैं। इसी कारण बाजनामठ को केवल मंदिर नहीं, बल्कि एक जीवित आध्यात्मिक विरासत माना जाता है।
कहा जाता है कि किसी तांत्रिक ने राजा संग्राम शाह की बलि देने का षड्यंत्र रचा और उन्हें विशेष अनुष्ठान के बहाने यहां ले आया। जब राजा को साष्टांग प्रणाम करने के लिए कहा गया, तो उन्हें संदेह हुआ। उन्होंने तांत्रिक से पहले विधि प्रदर्शित करने को कहा। जैसे ही तांत्रिक भूमि पर लेटा, राजा ने उसका सिर धड़ से अलग कर दिया और स्वयं संकट से बच निकले। यद्यपि यह कथा इतिहास से अधिक लोकविश्वास का हिस्सा है, फिर भी यह बाजनामठ के रहस्यपूर्ण चरित्र को और गहरा करती है।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान भैरव की उत्पत्ति भगवान शिव के तेज से हुई थी। शिवपुराण में वर्णित है कि कार्तिक कृष्ण अष्टमी को भैरव प्रकट हुए और अधर्म तथा अत्याचार के विनाश का दायित्व संभाला। इसी कारण भैरव को धर्मरक्षक, क्षेत्रपाल और न्याय के देवता के रूप में भी पूजा जाता है। उनकी आराधना में शक्ति, साहस और संरक्षण की भावना निहित है।
कहा जाता है कि अपने भारत-भ्रमण के दौरान आदि शंकराचार्य ने भी इस क्षेत्र में साधना और उपासना की थी। चाहे यह तथ्य इतिहास के पन्नों में पूरी तरह प्रमाणित न हो, किंतु स्थानीय परंपरा में इसका विशेष महत्व है। इससे स्पष्ट होता है कि बाजनामठ सदियों से साधकों, संतों और श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
आज जब आधुनिकता की तीव्र गति अनेक सांस्कृतिक स्मृतियों को धूमिल कर रही है, तब बाजनामठभैरव मंदिर हमें अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करता है। यह केवल पूजा का स्थान नहीं, बल्कि जबलपुर की ऐतिहासिक चेतना, शैव परंपरा और तांत्रिक विरासत का जीवंत दस्तावेज है।
आवश्यकता इस बात की है कि इस अनमोल धरोहर का संरक्षण हो, इसके इतिहास पर गंभीर शोध हो और इसे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय विरासत के रूप में वह सम्मान मिले, जिसका यह वास्तव में अधिकारी है। बाजनामठ की प्राचीन दीवारें आज भी मानो यही कहती हैं कि समय बदल सकता है, किंतु आस्था और साधना की ज्योति कभी मंद नहीं पड़ती।
यह भी पढ़ें- शुरुआत छोटी थी, लेकिन मेहनत से पाई पहचान, बड़े शहरों तक पहुंच, जबलपुर के सक्षम दे रहे दूसरों को रोजगार