
धर्म डेस्क। शादी सिर्फ सात फेरे लेकर दो लोगों के एक होने का नाम नहीं है। खासकर बिहार और उत्तर प्रदेश में शादी से पहले कई ऐसी परंपराएं निभाई जाती हैं, जिनमें परिवार के रिश्ते, लोकगीत और पुरानी मान्यताएं जुड़ी होती हैं। कहीं मामा की खास भूमिका होती है, तो कहीं घर की महिलाएं मंगल गीत गाकर दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद देती हैं। मटकोर, भात, चुमावन और परिछन जैसी रस्में शादी की इसी रौनक का हिस्सा हैं। आइए जानते हैं इनके पीछे की दिलचस्प बातें।
बिहार और पूर्वांचल की शादियों में मटकोर की रस्म खास होती है। इसमें घर की महिलाएं गीत गाते हुए मिट्टी लेने जाती हैं। इस मिट्टी को शादी के मंडप या दूसरी पारंपरिक तैयारियों में इस्तेमाल किया जाता है। मान्यता है कि नए जीवन की शुरुआत से पहले धरती माता का आशीर्वाद लेना शुभ होता है।
शादी में मामा का इंतजार सिर्फ दूल्हा-दुल्हन को ही नहीं, पूरे परिवार को रहता है। भात की रस्म में मामा अपनी बहन के घर कपड़े, गहने और दूसरे उपहार लेकर पहुंचते हैं। कई जगह दुल्हन के लिए शादी का जोड़ा भी मामा की ओर से आता है। यह परंपरा मामा और भांजे-भांजी के खास रिश्ते को दिखाती है।
बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में चुमावन या छुमावन की रस्म निभाई जाती है। इसमें महिलाएं दूब, अक्षत और पूजा की दूसरी सामग्री से दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद देती हैं। दूब को लंबी उम्र और अक्षत को समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। इस रस्म के दौरान गाए जाने वाले पारंपरिक गीत शादी के माहौल को और खास बना देते हैं।
बिहार के कुछ क्षेत्रों में शादी के दौरान मामा के हाथों इमली घोटने की परंपरा भी है। इसे इमली घोटाई कहा जाता है। इसके पीछे लोकमान्यता है कि यह रस्म नए रिश्ते में मिठास और खुशहाली का प्रतीक है। हर इलाके में इसका तरीका एक जैसा नहीं होता।
जब दूल्हा बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचता है, तो महिलाएं आरती उतारकर उसका स्वागत करती हैं। इसी रस्म को परिछन कहा जाता है। कई जगह दूल्हे को तिलक लगाया जाता है और मंगल गीत गाए जाते हैं। मान्यता है कि इस रस्म से दूल्हे की बुरी नजर से रक्षा होती है और नए रिश्ते की शुभ शुरुआत होती है।
हिंदू विवाह में कन्यादान और सात फेरों का विशेष महत्व है। कन्यादान के दौरान माता-पिता बेटी को नए जीवन के लिए आशीर्वाद देते हैं। वहीं, अग्नि को साक्षी मानकर लिए गए सात फेरे पति-पत्नी के बीच साथ निभाने, सम्मान और जिम्मेदारी के वचनों का प्रतीक हैं।
शादी की आखिरी रस्म विदाई होती है। कई जगह बेटी विदाई के समय पीछे की ओर चावल फेंकती है। मान्यता है कि वह अपने मायके की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए विदा होती है। यह पल परिवार के लिए भावुक होता है, क्योंकि बेटी अपने पुराने घर से नए जीवन की ओर कदम बढ़ाती है।
इन रस्मों की खासियत यही है कि हर परंपरा में कोई न कोई रिश्ता जुड़ा है। कहीं मामा का प्यार दिखता है, तो कहीं मां-बाप का आशीर्वाद। समय के साथ शादी के तौर-तरीके बदल रहे हैं, लेकिन इन रस्मों के जरिए परिवार अपनी पुरानी परंपराओं को आज भी जिंदा रखे हुए हैं।
यह भी पढ़ें- 5 दिसंबर को कर्क राशि में प्रवेश करेंगे केतु, घर-परिवार और रिश्तों में बढ़ सकती है दूरी!