
धर्म डेस्क। राहु-केतु के राशि परिवर्तन को लेकर इन दिनों दो तारीखें सामने आ रही हैं। कुछ पंचांग और ज्योतिषीय वेबसाइट्स 25 नवंबर 2026 को राहु-केतु का गोचर बता रही हैं, जबकि कई जगह 5 दिसंबर की तारीख दी गई है। ऐसे में लोगों के मन में सवाल है कि आखिर दोनों तारीखों में सही कौन सी है?
दरअसल, राहु और केतु की स्थिति निकालने के लिए ज्योतिषीय गणना में दो अलग-अलग तरीके इस्तेमाल किए जाते हैं। इन्हें Mean Node और True Node कहा जाता है।
Mean Node यानी औसत चंद्र नोड की गणना में चंद्रमा की कक्षा के नोड की औसत गति को ध्यान में रखा जाता है। यह गणना अपेक्षाकृत नियमित गति पर आधारित होती है।
वहीं True Node यानी वास्तविक चंद्र नोड की गणना में चंद्रमा की कक्षा के वास्तविक उतार-चढ़ाव को ध्यान में रखा जाता है। इसकी स्थिति समय के साथ थोड़ी बदलती रहती है, इसलिए दोनों गणनाओं में अंतर आ सकता है।
2026 में राहु और केतु के राशि परिवर्तन की गणना Mean Node के आधार पर 5 दिसंबर के आसपास बताई जा रही है, जबकि True Node की गणना के अनुसार यह परिवर्तन 25 नवंबर को हो सकता है।
इसी वजह से अलग-अलग पंचांग, ज्योतिषीय वेबसाइट्स और गणना पद्धतियों में तारीख अलग दिखाई दे सकती है। इसका मतलब यह नहीं है कि कोई एक तारीख गलत है। दोनों तारीखें अलग गणना पद्धतियों के आधार पर निकाली गई हैं।
हिन्दू ज्योतिष में राहु और केतु को छाया ग्रह माना जाता है। दोनों ग्रह हमेशा एक-दूसरे के विपरीत दिशा में स्थित रहते हैं और राशि परिवर्तन के दौरान एक साथ दो राशियों में प्रवेश करते हैं।
ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, राहु-केतु का गोचर करीब 18 महीने तक प्रभावी माना जाता है। इसलिए इस राशि परिवर्तन को केवल एक दिन की घटना नहीं, बल्कि लंबे समय तक चलने वाले ज्योतिषीय बदलाव के रूप में देखा जाता है।
पंचांग या ज्योतिषीय गणना का उपयोग करते समय यह देखना जरूरी है कि उसमें Mean Node या True Node में से किस पद्धति का इस्तेमाल किया गया है। इसी से गोचर की तारीख और समय में अंतर समझा जा सकता है।
यह भी पढ़ें- Aaj Ka Rashifal: आज इन राशि वालों की खुलेगी किस्मत! शेयर मार्केट से होगा मुनाफा, प्रमोशन के भी बन रहे योग