
धर्म डेस्क। शादी का सीजन आते ही हल्दी, मेहंदी, बारात, जयमाला और सात फेरों की चर्चा शुरू हो जाती है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि भगवान राम और माता सीता के विवाह में कौन-कौन सी रस्में निभाई गई थीं? क्या उस समय भी आज की तरह हल्दी और मेहंदी की रस्म होती थी? क्या जयमाला हुई थी और क्या राम-सीता ने सात फेरे लिए थे? इन सवालों के जवाब वाल्मीकि रामायण के बालकांड में मिलते हैं।
राम-सीता का विवाह सिर्फ एक पौराणिक प्रसंग नहीं, बल्कि हिंदू विवाह परंपराओं को समझने का भी एक महत्वपूर्ण आधार है। वाल्मीकि रामायण के बालकांड के सर्ग 73 में विवाह का विस्तार से वर्णन मिलता है। इसमें अग्नि स्थापना, वैदिक मंत्र, कन्या का हाथ सौंपने और अग्नि की परिक्रमा जैसी रस्मों का उल्लेख है।
वाह की मुख्य रस्म से पहले राजा दशरथ के चारों पुत्रों को दूल्हे की तरह सजाया गया था। वाल्मीकि रामायण के अनुसार, विवाह से पहले उनके हाथों में मंगल सूत्र या धागे बांधने की एक रस्म भी हुई थी। इसके बाद ऋषि वशिष्ठ, विश्वामित्र और शतानंद की मौजूदगी में विवाह मंडप तैयार किया गया। मंडप में फूल, चंदन, कलश, धूप और पूजा की दूसरी सामग्री रखी गई थी।
विवाह के समय ऋषि वशिष्ठ ने वैदिक मंत्रों के साथ अग्नि प्रज्वलित की और उसमें आहुतियां दीं। इसके बाद राजा जनक माता सीता को आभूषणों से सजाकर अग्नि के सामने भगवान राम के पास लेकर आए। उन्होंने सीता का हाथ राम के हाथ में सौंपते हुए कहा कि सीता आज से उनकी सहधर्मचारिणी हैं। जनक ने मंत्रों से पवित्र किए गए जल का प्रयोग भी किया। इस रस्म को आज की भाषा में कन्यादान और पाणिग्रहण से जोड़कर समझा जा सकता है।
आज ज्यादातर हिंदू शादियों में सात फेरे लिए जाते हैं, लेकिन वाल्मीकि रामायण के बालकांड के सर्ग 73 में राम और उनके भाइयों के विवाह के दौरान अग्नि की तीन बार परिक्रमा करने का उल्लेख मिलता है। इसमें दूल्हा-दुल्हन ने अग्नि के साथ वेदी, राजा जनक और ऋषियों की भी परिक्रमा की थी। इसके बाद विवाह की रस्में पूरी हुईं।
एक और खास बात यह है कि भगवान राम के साथ उनके तीनों भाइयों का विवाह भी इसी अवसर पर हुआ था। लक्ष्मण का विवाह उर्मिला, भरत का मांडवी और शत्रुघ्न का श्रुतकीर्ति से हुआ। यानी मिथिला में एक ही समारोह में चारों भाइयों का विवाह संपन्न हुआ था।
आज की शादियों में हल्दी, मेहंदी, संगीत, जयमाला और कई दूसरी रस्में धूमधाम से निभाई जाती हैं। लेकिन वाल्मीकि रामायण में राम-सीता के विवाह के वर्णन में आज की तरह हल्दी और मेहंदी की रस्मों का स्पष्ट उल्लेख नहीं मिलता। इसी तरह सात फेरों की जगह तीन बार अग्नि की परिक्रमा का वर्णन है। हालांकि, अलग-अलग रामायण परंपराओं और क्षेत्रीय विवाह रीति-रिवाजों में कुछ रस्मों का स्वरूप अलग मिलता है।
राम-सीता विवाह की सबसे खास बात यह थी कि इसमें दिखावे से ज्यादा वैदिक मंत्रों, अग्नि और पारिवारिक सहमति को महत्व दिया गया। राजा जनक ने सीता को राम की सहधर्मचारिणी बताते हुए उनके साथ धर्म के मार्ग पर चलने की बात कही थी। यही प्रसंग आज भी हिंदू विवाह में जीवनभर साथ निभाने के संकल्प की याद दिलाता है।
यह भी पढ़ें- फिर गूंजेगी शहनाई…देवउठनी एकादशी के बाद शुरू होंगे शुभ विवाह, नवंबर-दिसंबर में सिर्फ 15 शुभ मुहूर्त