घर की रसोई में ये गलतियां घर में लाती हैं बीमारियां, जानिए आसान और जरूरी Vastu Tips
रसोई सिर्फ खाना पकाने की जगह नहीं, बल्कि घर की ऊर्जा का केंद्र होती है। जानिए क्यों रसोई को पवित्र माना गया है और किन बातों का ध्यान रखना चाहिए ताकि घर में बनी रहे सुख-शांति और समृद्धि।
Publish Date: Tue, 29 Jul 2025 03:41:24 PM (IST)
Updated Date: Tue, 29 Jul 2025 03:41:24 PM (IST)
घर की रसोई में ये गलतियां घर में लाती हैं बीमारियांधर्म डेस्क, नई दिल्ली। अगर आपको रेस्टोरेंट्स का खाना स्वादिष्ट लगता है और आप अक्सर बाहर खाना पसंद करते हैं, तो जरा रुकिए और सोचिए- वो खाना आपका पेट तो भर सकता है, लेकिन मन नहीं। बाहर का खाना अधिकतर लाभ कमाने के उद्देश्य से बनाया जाता है, जबकि घर में बना खाना प्यार और अपनापन लिए होता है। इसलिए ही वास्तु शास्त्र में रसोई को घर का मंदिर माना गया है।
जिस घर में रसोई स्वच्छ और पवित्र रहती है, वहां बीमारियां दूर रहती हैं और अन्न-धन की कभी कमी नहीं होती। लेकिन अगर कुछ सामान्य-सी गलतियां हो जाएं, तो उसका असर घर की सुख-शांति और सेहत पर पड़ सकता है।
खुश रहकर बनाएं खाना, रसोई में रखें स्वच्छता
खाना बनाना केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि ऊर्जा का संचार है। जिस भाव से खाना बनाया जाता है, वही ऊर्जा उसमें समाहित होती है। इसलिए क्रोध या तनाव की स्थिति में खाना न बनाएं। शांत और प्रसन्न मन से पकाया गया भोजन पूरे परिवार को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रखता है।
बचा हुआ भोजन जरूरतमंदों को दें या गाय को खिलाएं
रसोई को साफ और व्यवस्थित रखना बेहद जरूरी है। सुबह स्नान के बाद ही रसोई में प्रवेश करें और बासी खाना जमा करने से बचें। बचा हुआ भोजन जरूरतमंदों को दें या गाय को खिलाएं। अन्न का अपमान करने से घर में अन्न की बरकत नहीं रहती।