
धर्म डेस्क। भगवान शिव और भगवान विष्णु को अलग-अलग स्वरूपों में पूजने वाले भक्तों के लिए एक ऐसा धार्मिक आयोजन भी होता है, जहां दोनों देवताओं के मिलन का प्रतीकात्मक दृश्य देखने को मिलता है। मध्यप्रदेश के सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम में बैकुंठ चतुर्दशी पर हरि-हर मिलन की परंपरा निभाई जाएगी। इस दौरान भगवान शिव और विष्णु को पालकी में विराजमान कर मंदिर परिसर में यात्रा निकाली जाएगी। इस परंपरा के पीछे चातुर्मास, भगवान विष्णु की योग निद्रा और सृष्टि के संचालन से जुड़ी धार्मिक मान्यता है।
हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी को बैकुंठ चतुर्दशी मनाई जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान विष्णु देवशयनी एकादशी से देवउठनी एकादशी तक योग निद्रा में रहते हैं। इस अवधि को चातुर्मास कहा जाता है।
मान्यता है कि भगवान विष्णु के योग निद्रा में रहने के दौरान सृष्टि के संचालन की जिम्मेदारी भगवान शिव संभालते हैं। देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के बाद बैकुंठ चतुर्दशी पर भगवान शिव उन्हें सृष्टि के संचालन का दायित्व वापस सौंपते हैं। इसी घटना को हरि-हर मिलन के रूप में देखा जाता है।
यह परंपरा भगवान शिव और विष्णु के बीच एक-दूसरे के प्रति सम्मान और सनातन धर्म में दोनों के महत्व को दर्शाती है।
सीहोर के चितावलिया हेमा स्थित कुबेरेश्वर धाम में 23 नवंबर को हरि-हर मिलन महोत्सव आयोजित किया जाएगा। शाम 5 बजे भगवान की आकर्षक पालकी सजाई जाएगी। इसके बाद मंदिर परिसर में पारंपरिक चल समारोह निकलेगा। आयोजन में श्रद्धालु भजन-कीर्तन और भगवान के जयकारों के साथ शामिल होंगे।
कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। भक्तों के लिए भोजन प्रसादी और भंडारे की व्यवस्था भी की गई है।
हरि-हर मिलन का धार्मिक महत्व केवल भगवान शिव और विष्णु के मिलन तक सीमित नहीं है। यह शैव और वैष्णव परंपराओं के बीच समन्वय का प्रतीक भी माना जाता है। जहां शैव भक्त भगवान शिव को सर्वोच्च आराध्य मानते हैं, वहीं वैष्णव भक्त भगवान विष्णु की पूजा करते हैं। हरि-हर मिलन की परंपरा दोनों के बीच भेद के बजाय एकता और परस्पर सम्मान का संदेश देती है।
बैकुंठ चतुर्दशी पर भगवान शिव और विष्णु की पूजा, रात्रि जागरण, भजन-कीर्तन और दीपदान का भी विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन श्रद्धालु दोनों देवताओं का आशीर्वाद लेकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हैं।
यह भी पढ़ें- MP के ओंकारेश्वर में उमड़ा आस्था का सैलाब! जानिए 5 कोस की पंचक्रोशी यात्रा में क्या है सबसे खास