
अजय जैन, नईदुनिया विदिशा: भाई दूज भाई-बहन के अटूट रिश्ते और स्नेह का पर्व है। इस रिश्ते से जुड़ी ऐसी ही ऐतिहासिक कहानी विदिशा से जुड़ी है, जिसने देश की सीमाओं को पार कर दुनिया में अपनी पहचान बनाई। यह कहानी है सम्राट अशोक के पुत्र महेंद्र और पुत्री संघमित्रा की। दोनों भाई-बहन ने श्रीलंका में भगवान बुद्ध के संदेशों का प्रचार-प्रसार किया।
जिला जनगणना पुस्तिका के अनुसार, अशोक के युवराज रहते उनके पिता बिंदुसार ने उन्हें उज्जैन का राज्यपाल नियुक्त किया था। पाटलिपुत्र से उज्जैन जाते समय उनकी मुलाकात विदिशा के एक व्यापारी की बेटी देवी से हुई। अशोक ने उनसे विवाह किया। महेंद्र और संघमित्रा उनकी संतान थे।
तीसरी शताब्दी ईसा पूर्व में अशोक ने अरहत महेंद्र और थेरी संघमित्रा को श्रीलंका भेजा। दोनों ने वहां के राजा देवानांपिय तिस्स के आग्रह पर बौद्ध धर्म का प्रचार किया। महेंद्र ने बुद्ध के उपदेश आम लोगों तक पहुंचाए। संघमित्रा ने महिलाओं के लिए भिक्षुणी संघ की स्थापना में अहम भूमिका निभाई। वह बोधगया के पवित्र बोधिवृक्ष की एक शाखा भी अपने साथ ले गईं। इसे अनुराधापुर में रोपा गया। यह वृक्ष आज श्रीलंका के बौद्ध अनुयायियों की आस्था का केंद्र है।
विदिशा से करीब तीन किलोमीटर दूर प्राचीन बेसनगर ईसा से सैकड़ों वर्ष पहले समृद्ध नगर था। यूनेस्को के विश्व धरोहर केंद्र के विवरण के अनुसार, श्रीलंका की धर्म प्रचार यात्रा पर जाने से पहले महेंद्र सांची के पवित्र स्थल चैत्यमगिरि में रुके थे। जिला जनगणना पुस्तिका में उनके मां देवी से मिलने बेसनगर आने का भी उल्लेख है। पुस्तिका के मुताबिक, सांची के भव्य स्तूप के निर्माण के लिए विदिशा के व्यापारिक समुदाय ने दान दिया था।
यह भी पढ़ें- डिग्री तो मिलेगी, डॉक्टरी का ज्ञान कैसे मिलेगा? एमपी में शिक्षकों की कमी से 3 कॉलेज की मान्यता अटकी
बेसनगर प्राचीन समय में संपन्न व्यापारिक नगर था। यहां हाथीदांत और लोहे का बड़ा कारोबार होता था। इसी क्षेत्र के एक व्यापारी की बेटी देवी से सम्राट अशोक का विवाह हुआ। महेंद्र और संघमित्रा ने देश के बाहर बुद्ध के उपदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नारायण व्यास, पुरातत्वविद्