
धर्म डेस्क। देव दीपावली का त्योहार अब सिर्फ काशी के घाटों तक सीमित नहीं रह गया है। इसकी भव्यता और आस्था देश के कोने-कोने में दिखाई दे रही है। कार्तिक पूर्णिमा पर देश के अलग-अलग हिस्सों में श्रद्धालु दीप जलाकर देवताओं की दीपावली मना रहे हैं। घरों और मंदिरों से लेकर नदियों के घाटों तक उत्सव, पूजा-पाठ और दीपदान की रौनक छाई है। मान्यता है कि इस दिन देवता स्वर्ग से धरती पर उतरकर दीपावली मनाते हैं। आइए जानते हैं कि इस बार देशभर में देव दीवाली कितनी धूमधाम से मनाई गई।
कोयंबटूर में सद्गुरु के ईशा योग केंद्र में हजारों दीपक जलाकर देव दीवाली मनाई गई। आदियोगी, ध्यानलिंगम, सूर्यकुंड और चंद्रकुंड जैसे पवित्र स्थल दीपों की रोशनी से जगमगा उठे। दीपों की सौम्य रोशनी ने पूरे परिसर को अद्भुत नजारे में बदल दिया।
काल भैरव की पवित्र स्थली को भी दीपों से रोशन किया गया। पूरे परिसर में दीपकों की रोशनी से शांति, भव्यता और पवित्रता का अनुभव हो रहा था। दक्षिण भारत के तमिलनाडु में इस पर्व को कार्तिगई दीपम भी कहा जाता है, जो यहां के सबसे प्राचीन त्योहारों में से एक है।
.jpeg)
महाराष्ट्र के अकोला में भी श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा दिखा। शहर के सालासर मंदिर और रामदेव बाबा मंदिर में हजारों दीप जलाकर देव दीवाली मनाई गई। दोनों मंदिरों में कुल 13 हजार दीपों की रोशनी से परिसर जगमगा उठा।

कार्तिक पूर्णिमा पर सिखों का प्रकाश पर्व भी मनाया जाता है। मान्यता है कि इसी दिन सिखों के पहले गुरु और सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव का जन्म हुआ था। इस मौके पर अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में भी प्रकाशोत्सव धूमधाम से मनाया गया। यहां आतिशबाजी से पूरा आसमान जगमगा उठा।

देव दीवाली का सबसे अलौकिक नजारा काशी के घाटों पर दिखा। यहां 21 लाख दीपों की रोशनी से पूरी काशी नगरी जगमगा उठी। गंगा के ऊपर आसमान में 2,100 मेड इन इंडिया ड्रोन ने शिव तांडव और गंगा अवतरण की अद्भुत छटा बिखेरी। साथ ही 15 भाषाओं में घाटों की गौरवगाथा सुनाने वाले ऑडियो ने इस उत्सव को यादगार बना दिया।

यह भी पढ़ें- Rashifal 25 November: बुधवार को इन राशियों की खुलेगी किस्मत, पढ़ें मेष से लेकर मीन तक का पूरा भविष्यफल