
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दीपावली के बाद अब देवउठनी एकादशी का पर्व 20 नवंबर, शुक्रवार को मनाया जाएगा। इस बार एकादशी पर रवि योग का संयोग बन रहा है। देवउठनी एकादशी को प्रबोधिनी एकादशी भी कहा जाता है। इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं।
इसके साथ ही चातुर्मास का समापन हो जाता है और विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। इसी के साथ शहर में एक बार फिर शहनाइयां गूंजने लगेंगी।
ज्योतिषाचार्य सुनील चोपड़ा ने बताया कि देवउठनी एकादशी का हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागकर सृष्टि के संचालन का दायित्व संभालते हैं।
श्रद्धालु इस अवसर पर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। कई स्थानों पर तुलसी विवाह का आयोजन भी किया जाता है।

एकादशी तिथि 20 नवंबर को सुबह 7:15 बजे शुरू होगी और 21 नवंबर को सुबह 6:31 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के आधार पर 20 नवंबर को व्रत रखा जाएगा। व्रत का पारण 21 नवंबर को दोपहर 1:11 बजे के बाद किया जाएगा।
देवउठनी एकादशी के साथ ही विवाह समारोहों का सिलसिला शुरू हो जाएगा। नवंबर में 21, 22, 24, 25, 26, 28, 29 और 30 नवंबर को विवाह के मुहूर्त बताए गए हैं। वहीं दिसंबर में 2, 3, 4, 5, 6, 7, 8, 10, 11 और 12 दिसंबर को विवाह के लिए शुभ तिथियां मानी जा रही हैं। हालांकि अलग-अलग पंचांगों में मुहूर्त की तिथियों में अंतर हो सकता है।
12 दिसंबर के बाद विवाह आयोजनों पर विराम लग जाएगा। सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ खरमास शुरू होगा। इस दौरान विवाह सहित मांगलिक कार्य नहीं किए जाते। खरमास का समापन 14 जनवरी 2027 को मकर संक्रांति के साथ होगा। इसके बाद एक बार फिर विवाह समारोहों की शुरुआत होगी।