
धर्म डेस्क। दीवाली और छठ पूजा के बाद बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में एक ऐसी परंपरा निभाई जाती है, जिसमें महिलाएं घर के मंदिर के बजाय आंवले के पेड़ के नीचे पूजा करती हैं। इतना ही नहीं, पेड़ के चारों ओर धागा बांधकर परिक्रमा की जाती है और वहीं खाना बनाकर परिवार के साथ भोजन भी किया जाता है। इस पर्व को अक्षय नवमी या आंवला नवमी कहते हैं। लेकिन आखिर इस दिन आंवले के पेड़ को ही क्यों चुना गया? इसके नीचे बैठकर भोजन करने की परंपरा कैसे शुरू हुई और इसका भगवान विष्णु से क्या संबंध है?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आंवले का पेड़ भगवान विष्णु को बेहद प्रिय है। इसे धात्री वृक्ष भी कहा जाता है। मान्यता है कि इस पेड़ की जड़ों में भगवान विष्णु, तने में भगवान शिव और ऊपरी हिस्से में ब्रह्मा जी का वास होता है। इसकी शाखाओं, पत्तियों और फलों में भी देवी-देवताओं का निवास माना गया है।
यही वजह है कि कार्तिक महीने की शुक्ल पक्ष की नवमी को आंवले के पेड़ की पूजा की जाती है। माना जाता है कि इस दिन पेड़ की पूजा करने से परिवार में सुख-समृद्धि और आरोग्य बना रहता है। इस दिन किए गए दान और पुण्य का फल कभी समाप्त नहीं होता, इसलिए इसे अक्षय नवमी कहा जाता है।
इस पर्व की सबसे खास परंपरा आंवले के पेड़ के नीचे बैठकर भोजन करना है। कई जगह महिलाएं सुबह से ही पूजा की तैयारी करती हैं। घर से पकवान और भोजन बनाकर लाया जाता है या पेड़ के नीचे ही सात्विक भोजन तैयार किया जाता है। इसके बाद भगवान को भोग लगाकर परिवार के साथ वहीं बैठकर खाना खाया जाता है।
इसके पीछे धार्मिक और स्वास्थ्य से जुड़ी दोनों मान्यताएं हैं। धार्मिक विश्वास है कि आंवले के पेड़ की छाया में भोजन करना शुभ होता है। वहीं, आयुर्वेद में आंवले को सेहत के लिए बेहद उपयोगी फल माना गया है। इसमें विटामिन-C और एंटीऑक्सिडेंट पाए जाते हैं। कार्तिक महीने में मौसम बदलने के दौरान आंवले का सेवन शरीर के लिए फायदेमंद माना जाता है।
इस दिन महिलाएं सुबह स्नान करके साफ कपड़े पहनती हैं और आंवले के पेड़ के पास पहुंचती हैं। सबसे पहले पेड़ की जड़ में जल और दूध चढ़ाया जाता है। इसके बाद रोली, अक्षत, फूल और दीपक से पूजा की जाती है।
पेड़ के तने पर कच्चा सूत या मौली बांधकर उसकी परिक्रमा की जाती है। कई जगह सात तो कहीं 108 परिक्रमा करने की परंपरा है। इसके बाद अक्षय नवमी की कथा सुनी जाती है और परिवार की खुशहाली की कामना की जाती है। पूजा के बाद भोजन का भोग लगाकर परिवार और जरूरतमंदों को भोजन कराया जाता है।
इस तरह अक्षय नवमी सिर्फ एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति सम्मान जताने और परिवार के साथ समय बिताने की परंपरा भी है।
यह भी पढ़ें- देवउठनी एकादशी 2026: 20 या 21 नवंबर, कब जागेंगे भगवान विष्णु? जानें पूजा का शुभ मुहूर्त- पारण का समय