
धर्म डेस्क। आज देशभर में गोवर्धन पूजा का उत्सव मनाया जा रहा है। इस दिन गाय के गोबर से गोवर्धन की मनुष्य के रूप वाली आकृति बनाई जाती है और सोलह उपचारों के साथ उसकी पूजा की जाती है। आकृति को फूल आदि से सजाने के बाद विधि-विधान से धूप-दीप और खील-बताशे चढ़ाकर गोवर्धन की पूजा की जाती है।
इस दिन मथुरा में स्थित गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा करने का विधान है। जो लोग वहां नहीं जा सकते, वे घर पर ही आज गोवर्धन की पूजा करके उसकी परिक्रमा कर सकते हैं। मान्यता है कि इससे असली गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा के बराबर फल मिलता है। कहा जाता है कि इससे जीवन की गति कभी धीमी नहीं पड़ती और यात्रा आसान रहती है। आइए जानते हैं गोवर्धन पूजा के लिए कौन सा मुहूर्त सबसे उत्तम रहेगा।
पंचांग के अनुसार, कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजकर 31 मिनट पर शुरू हुई। यह तिथि आज दोपहर 2 बजे समाप्त होगी।
गोवर्धन धराधार गोकुलत्राणकारक।
बहुबाहुकृतच्छाय गवां कोटिप्रदो भव॥
गौ मंत्र
लक्ष्मीर्या लोकपालानां धेनुरूपेण संस्थिता।
घृतं वहति यज्ञार्थे मम पापं व्यपोहतु॥
आरती श्री गोवर्धन महाराज की
श्री गोवर्धन महाराज, ओ महाराज, तेरे माथे मुकुट विराज रहेओ।
तोपे पान चढ़े तोपे फूल चढ़े, तोपे चढ़े दूध की धार।
तेरे माथे मुकुट विराज रहेओ।
तेरी सात कोस की परिकम्मा, चकलेश्वर है विश्राम।
तेरे माथे मुकुट विराज रहेओ।
तेरे गले में कण्ठा साज रहेओ, ठोड़ी पे हीरा लाल।
तेरे माथे मुकुट विराज रहेओ।
तेरे कानन कुण्डल चमक रहेओ, तेरी झाँकी बनी विशाल।
तेरे माथे मुकुट विराज रहेओ।
गिरिराज धरण प्रभु तेरी शरण, करो भक्त का बेड़ा पार।
तेरे माथे मुकुट विराज रहेओ।
गोवर्धन पूजा को अन्नकूट के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन घरों और मंदिरों में कढ़ी, चावल, बाजरा और हरी सब्जियां मिलाकर अन्नकूट का भोजन बनाया जाता है। इसे खाने और प्रसाद के रूप में बांटने की परंपरा है।
मान्यता है कि जो व्यक्ति आज गोवर्धन के प्रसाद के रूप में ये चीजें खाता है और दूसरों को भी खिलाता या दान करता है, उसके घर में अन्न के भंडार हमेशा भरे रहते हैं। शास्त्रों के अनुसार, गोवर्धन पूजा के दिन किया गया दान अक्षय हो जाता है और भगवान विष्णु का आशीर्वाद मिलता है।
यह भी पढ़ें- अन्नकूट का मतलब है 'अनाज का ढेर', जानें गोवर्धन पूजा पर कैसे करें पूजा, कैसे लगाएं भोग?