भोपाल में छठ पूजा : शीतलदास की बगिया, खटलापुरा पर मनेगा पर्व; बरखेड़ा में नर्मदा जल के 5 कुंड तैयार
शीतलदास की बगिया, खटलापुरा, बरखेड़ा, शाहपुरा और कलियासोत घाटों पर साफ-सफाई, विद्युत सज्जा और सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। शीतलदास की बगिया में 2100 दीपों का दीपदान होगा, जबकि बरखेड़ा घाट पर पांच कुंड नर्मदा जल से भरे गए हैं।
Publish Date: Sun, 15 Nov 2026 01:49:45 PM (IST)Updated Date: Sun, 15 Nov 2026 02:44:07 PM (IST)
शीतलदास बगिया घाट पर छठ पूजा की तैयारियां । नईदुनियाHighLights
- खरना के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू
- शहर के प्रमुख घाटों पर विशेष इंतजाम
- शीतलदास की बगिया में 2100 दीपों का दीपदान
नईदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। भोजपुरी समाज की लोकआस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजन उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। पर्व के दूसरे दिन शनिवार को 'खरना' की पारंपरिक रस्म निभाई गई, जिसके साथ ही व्रती महिलाओं का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू हो गया। 15 नवंबर को शाम के समय व्रती महिलाएं शहर के विभिन्न घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी।
सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस महापर्व का पारण होगा। पूजन के लिए राजधानी के सभी प्रमुख घाटों पर साफ-सफाई और आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है।
शीतलदास की बगिया में होगा 2100 दीपों का दीपदान
भोजपुरी एकता मंच समिति द्वारा कमला पार्क स्थित शीतलदास की बगिया घाट पर भव्य छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। मंच के अध्यक्ष कुंवर प्रसाद ने बताया कि पूरे घाट को पीले वस्त्रों और ध्वजों से सजाया गया है। शाम को 2100 दीपों का दीपदान व भव्य आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेगी। सांस्कृतिक संध्या में बिहार के सुप्रसिद्ध गायक हंसनाथ मिश्रा उर्फ मिठ्ठू मिश्रा और वाराणसी के सक्षम शर्मा छठ गीतों की प्रस्तुति देंगे। समापन पर स्वल्पाहार की व्यवस्था भी रहेगी।
बरखेड़ा घाट पर नर्मदा जल से भरे गए पांच कुंड
बिहार सांस्कृतिक परिषद द्वारा सरस्वती देवी मंदिर छठ घाट, बरखेड़ा में विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां श्रद्धालुओं के पूजन के लिए पांच कुंडों को नर्मदा जल से भरा गया है। भक्तों की सुविधा के लिए प्राचीन कुएं के समीप स्नान हेतु शावर और अस्थायी चेंजिंग रूम (वस्त्र बदलने की व्यवस्था) बनाए गए हैं।
खटलापुरा घाट पर गूंजेंगे छठी मैया के गीत
छोटे तालाब स्थित खटलापुरा घाट पर भोजपुरी उत्सव समिति द्वारा नगर निगम के सहयोग से स्वच्छता, प्रकाश और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। समिति के पंकज ठाकुर ने बताया कि संध्याकाल में बिहार के प्रसिद्ध भोजपुरी गायक सोनू पांडेय और उत्तर प्रदेश की गायिका सोनाली राज छठी मैया के पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति देंगी। इसके अतिरिक्त शाहपुरा, पांच नंबर और कलियासोत घाट सहित अन्य स्थानों पर भी सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा।
ऐसे अर्पित किया जाता है अर्घ्य
छठ महापर्व पर संध्याकाल में व्रती महिलाएं बांस की डलिया (सूप) में ठेकुआ, ऋतु फल, अक्षत, दीपक और धूप सजाकर नदी या तालाब के जल में कमर तक खड़ी होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करती हैं। इस दौरान घाटों पर पारंपरिक छठ गीतों की गूंज वातावरण को भक्तिमय बना देती है। अगले दिन प्रातः उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन किया जाता है।