
नईदुनिया न्यूज,ओंकारेश्वर। ज्योतिर्लिंग भगवान ओंकारेश्वर परंपरा के अनुसार मंगलवार को गोपाष्टमी पर मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन किया गया। भगवान को गुड़ और आटे से निर्मित विशेष प्रसाद (टुकड़ी) का भोग अर्पित कर विधि-विधान से पूजा की गई। इसके बाद ढोल-ढमाकों के साथ भगवान को सांकेतिक रूप से 15 दिवसीय मालवा भ्रमण के लिए रवाना किया गया।
मान्यता है कि भगवान मालवा क्षेत्र में 15 दिनों तक भ्रमण करने के बाद भैरव अष्टमी पर ओंकारेश्वर वापस लौटते हैं। इस दौरान मंदिर में रात्रि में शयन आरती, झूला और चोपड़ की सजावट नहीं होगी।
मंदिर ट्रस्ट के पंड़ित आशीष दीक्षित ने बताया कि गोपाष्टमी पर भगवान के लिए गुड़ और आटे से सवा मन टुकड़ी तैयार कर भोग लगाया गया है। इसके बाद मंदिर परिसर में विराजित पंचमुखी गणेश सहित अष्टविनायक गणेश का पूजन हुआ। यह परंपरा वर्षों से राजपरिवार द्वारा निभाई जा रही है।
पंडित नीलेश पुरोहित ने बताया कि भगवान के मालवा प्रवास के दौरान तीनों प्रहर की आरती का विधान जारी रहता है, लेकिन शयन व्यवस्था और शयन आरती में चौपड़-पासे खेलने की परंपरा स्थगित रहती है। इस दौरान भगवान का शयन बिछावन भी नहीं बिछाया जाता तथा सांकेतिक रूप से आरती की जाती है।
भैरव अष्टमी पर भगवान की वापसी के अवसर पर मंदिर परिसर, अष्टविनायक गणेश और राजपरिवार के महल स्थित छतरियों को सजाया जाएगा। इसके बाद भोग, शयन व्यवस्था और शयन आरती की परंपराएं पुनः शुरू होंगी। पूजन के दौरान राजपरिवार के सदस्य उपस्थित थे।