Muharram 2025: मोहर्रम की 9 तारीख पर शनिवार को मनाई जाएगी शब-ए-शहादत, ताजिये गश्त करेंगे
Muharram 2025: मध्य प्रदेश के ग्वालियर सहित विभिन्न शहरों में मोहर्रम का जुलूस निकाले जा रहे हैं। छह जुलाई को कर्बला में ताजिये दफनाए जाएंगे।
Publish Date: Sat, 05 Jul 2025 07:57:08 AM (IST)
Updated Date: Sat, 05 Jul 2025 07:57:08 AM (IST)
HighLights
- यौम-ए-शहादत का मतलब है बलिदान दिवस
- हजरत अब्बास का यौम ए शहादत मनाया गया
- शहर-शहर अलम शरीफ के जुलूस निकले
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर (Muharram 2025) : मोहर्रम की नौ तारीख यानी पांच अप्रैल शनिवार को शब-ए-शहादत मनाई जाएगी। रात में इमाम बाड़ों में रखे ताजिये मातमी जुलूसों के साथ महाराज बाड़े और उपनगर ग्वालियर, मुरार व ग्रामीण क्षेत्रों में गश्त करेंगे व तड़के इमाम बाड़ों में वापस लौटेंगे।
यौम-ए-शहादत (बलिदान दिवस) पर रविवार छह जुलाई को सुबह सुसेरा रोड पर निर्मित कर्बला में ताजिये दफनाए जाएंगे। सागरताल पर शहर के लोग शहीदाने कर्बला को खिराज-ए-अकीदत (श्रद्धांजलि) पेश करेंगे।
![naidunia_image]()
वहीं शुक्रवार को हजरत अब्बास के बलिदान दिवस पर अलम शरीफ का जुलूस निकाला गया। ग्रेटर ग्वालियर मोहर्रम एवं कर्बला इंतजामिया कमेटी के अध्यक्ष अख्तर हुसैन व महासचिव लतीफ खां मल्लू ने बताया कि शब-ए-शहादत व यौम-ए-शहादत के लिए नगर निगम, शासन, पुलिस प्रशासन व मोहर्रम एवं कर्बला इंतजामिया कमेटी द्वारा व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
कर्बला परिसर में नगर निगम द्वारा की जा रही तैयारियां अंतिम चरण में है। पेयजल, प्रकाश, सड़कों की आवश्यक मरम्मत, प्राथमिक चिकित्सा आदि की व्यवस्थाएं कर्बला परिसर में की जा रही हैं। स्ट्रीट लाइट व मरम्मत का कार्य चल रहा है।
ताजियों को दफनाने के लिए आवंटित भूमि जो सुसेरा रोड पानी की टंकी के नीचे दी गई है उसमें ताजियों को दफनाने के लिए गड्ढे खोदने का कार्य जारी है। मोहर्रम एवं कर्बला कमेटी द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं के अंतर्गत शनिवार को बाड़ा स्थित नगर निगम आफिस के पास कैम्प लगाया जाएगा, जहां सभी पदाधिकारी रात 10 से सुबह चार बजे तक मौजूद रहेंगे।