Asian Games 2026: भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को रौंदा, 147 रनों से हराकर जीता गोल्ड मेडल, मंधाना और शेफाली का शानदार प्रदर्शन
कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए इस खिताबी मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 216 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 22 Sep 2026 03:58:02 PM (IST)Updated Date: Tue, 22 Sep 2026 03:58:02 PM (IST)
एशियन गेम्स में भारत ने जीता गोल्ड, फाइल फोटोHighLights
- एशियन गेम्स में भारत का दमदार प्रदर्शन
- श्रीलंका को हराकर जीता गोल्ड मेडल
- 216 रन बनाकर बनाया बड़ा रिकॉर्ड
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स के फाइनल मुकाबले में दमदार प्रदर्शन किया। इस दौरान टीम ने श्रीलंका को 147 रनों के बड़े अंतर से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए इस खिताबी मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 216 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में खेलने उतरी श्रीलंका की टीम के बल्लेबाज एक के बाद एक पवेलियन लौटते रहे।
इस बड़े मैच में भारत ने एकतरफा जीत हासिल कर सोने का तमगा अपने नाम किया। 217 रनों के जवाब में श्रीलंका की टीम सिर्फ 69 रनों पर ढेर हो गई। भारत की ओर से अब तक एशियाई खेलों में बनाया गया यह सबसे बड़ा स्कोर है।
भारतीय बल्लेबाजों का दमदार प्रदर्शन
ओपनर स्मृति मंधाना ने 45 गेंदों पर 79 रनों की पारी खेली। इस पारी में सात छक्के और पांच चौके शामिल रहे। शेफाली वर्मा के साथ मिलकर मंधाना ने पहले विकेट के लिए 99 रन जोड़े और 17वें ओवर में आउट हुईं। अंत में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने 22 गेंदों पर नाबाद 49 ठोक दिए।
शेफाली वर्मा ने तीन चौकों और छक्कों की मदद से 48 रनों की पारी खेली और वह दो रनों से अपनी फिफ्टी चूक गई। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने केवल 19 रनों का योगदान दिया। आखिरी ओवरों में घोष ने दमदार खेल दिखाते हुए टीम को 200 को पार पहुंचाया।
दीप्ति ने झटके तीन विकेट
दूसरी पारी में श्रीलंका की टीम शुरुआत से ही लड़खड़ाती नजर आई। श्रीलंका की ओर से सबसे ज्यादा 29 रन कप्तान कुमारी अटापट्टी ने बनाए। भारत की तरफ से दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट लिए। शेफाली, श्रेयांका और श्रीचरणी के हिस्से दो-दो विकेट आए।