
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास : कभी क्रिकेट के मैदान पर छह साल की नन्हीं बच्ची के रूप में कदम रखने वाली देवास की अलीना खान ने अब अपनी मेहनत और शानदार प्रदर्शन से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना ली है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा आयोजित होने वाली चैलेंजर ट्राफी के लिए अलीना का चयन हुआ है। देशभर से चुनी गई 60 महिला क्रिकेटरों में जगह बनाकर उन्होंने देवास का नाम रोशन किया है।
उल्लेखनीय है कि अलीना ने त्रिवेंद्रम में अंडर-18 वर्ग में मध्यप्रदेश की ओर से खेलते हुए 13 विकेट हासिल किए थे। उनके इस प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया और उन्हें अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित होने वाली चैलेंजर ट्राफी के लिए चुना गया। प्रतियोगिता में देशभर की 60 महिला क्रिकेटर चार ग्रुपों में भाग लेंगी।
मध्यप्रदेश से चयनित दो खिलाड़ियों में देवास की अलीना भी शामिल हैं। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि अलीना देवास की एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्हें इस प्रतियोगिता के लिए चुना गया है। अब राष्ट्रीय स्तर पर उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।
देवास जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अरुण रघुवंशी ने बताया कि हमने वर्ष 2017 में जब देवास में महिला क्रिकेट की शुरुआत की थी, तब अलीना महज छह साल की थीं। उसी समय से उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू किया और नियमित रूप से अभ्यास करती रहीं। वर्षों की मेहनत का नतीजा है कि आज वह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता तक पहुंच गई हैं।
रघुवंशी के अनुसार अलीना के प्रदर्शन से दूसरी लड़कियों को भी क्रिकेट के प्रति प्रोत्साहन मिला है। महिला क्रिकेट की शुरुआत के समय जहां केवल 15 लड़कियां अभ्यास के लिए आती थीं, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 166 हो गई है। सचिव रघुवंशी ने बताया कि इससे पहले भी देवास के तीन खिलाड़ियों अजय रोहेरा, आयम सरदाना और शशांक नागर का बीसीसीआइ के कैंप में चयन हो चुका है।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन एवं चामुंडा क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित कार्यक्रम में अलीना का सम्मान किया गया। अलीना की इस उपलब्धि के पीछे वर्षों की नियमित प्रैक्टिस, मैदान पर पसीना बहाने का जुनून और लगातार बेहतर प्रदर्शन करने की लगन है। खास बात यह है कि अलीना अभी अंडर-14 आयु वर्ग में खेल रही हैं, लेकिन उनके प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें सीनियर स्तर पर भी खेलने के अवसर मिल रहे हैं।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में अंडर-19 बालिका क्रिकेट टूर्नामेंट विवादों में घिरा, MPCA सदस्य हेमा राजनगांवकर ने लगाए गंभीर आरोप