
कपीश दुबे, नईदुनिया, इंदौर। होलकर स्टेडियम में करीब 34 महीने बाद अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट मैच होने जा रहा है। मुकाबला भारत और वेस्टइंडीज के बीच 11 अक्टूबर को होगा। इस मैच में भारतीय टीम में कोई भी इंदौर का खिलाड़ी शामिल नहीं है, मगर मैच का फैसला एक इंदौरी ही सुनाएगा। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की सीरीज के लिए बीसीसीआई ने इंदौर के नितिन मेनन को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है।
नितिन आईसीसी के एलीट पैनल में शामिल भारत के एकमात्र अंपायर हैं। दोनों देशों के बीच टी-20 सीरीज के दौरान नितिन पांचों मैचों में विभिन्न भूमिकाओं में रहेंगे। इंदौर में होने वाले मैच के लिए उन्हें थर्ड अंपायर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वे रांची में नौ अक्टूबर को होने वाले दूसरे टी-20 मैच में भी थर्ड अंपायर रहेंगे। छह अक्टूबर को लखनऊ में होने वाली सीरीज के पहले मैच में नितिन मैदानी अंपायर होंगे। हैदराबाद में 14 अक्टूबर को और बेंगलुरू में 17 अक्टूबर को होने वाले मैच में भी नितिन को मैदानी अंपायर बनाया है।
नितिन मेनन के पिता नरेंद्र मेनन भी अंतरराष्ट्रीय अंपायर रहे हैं। नरेंद्र मेनन ने सत्र 1980-81 में इंदौर में ही दो अंतरराष्ट्रीय वनडे मैचों में अंपायरिंग की थी। दोनों मैचों में भारतीय महिला टीम की टक्कर न्यूजीलैंड और इंग्लैंड से हुई थी। दोनों मैच नेहरू स्टेडियम में खेले गए थे। इस दौरान नरेंद्र मेनन मध्य प्रदेश की रणजी टीम से भी बतौर क्रिकेटर खेला करते थे।
देश के सबसे विश्वसनीय अंपायर
मेनन नितिन बीते आठ सत्रों से लगातार आइपीएल फाइनल में फैसला सुना रहे हैं। चार टी-20 विश्व कप और एक वनडे विश्व कप में अंपायर रह चुके हैं। प्रतिष्ठित एशेज सीरीज में अंपायरिंग करने वाले वे देश के एकमात्र अंपायर हैं। दो बार महिला विश्व कप में भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
नितिन 52 टेस्ट मैचों में अंपायरिंग कर चुके हैं, जिसमें 38 में मैदानी जबकि 14 में थर्ड अंपायर थे। इसी तरह 81 वनडे मैचों में से 64 में मैदानी जबकि 17 में थर्ड अंपायर थे। 94 टी-20 मैचों में से 61 में मैदानी अंपायर के साथ 33 में टीवी अंपायर रहे हैं।
यह रोचक संयोग है कि नितिन उसी मैदान पर फैसला सुनाएंगे जहां कभी वे बतौर क्रिकेटर खेलते थे। होलकर स्टेडियम में नितिन कूच बिहार ट्राफी, विजय मर्चेंट, सीके नायडू ट्राफी सहित क्लब मैचों में खेल चुके हैं।
मध्य प्रदेश के चार स्कोरर नियुक्त
बीसीसीआई ने इंदौर के जयंत वानखेड़े और मयंक थनवार को स्कोरर नियुक्त किया है। वहीं एमपीसीए ने मीडिया बॉक्स के लिए इंदौर के अमित पारखे और डीएलएस के लिए ग्वालियर के सुनील गुप्ता को नियुक्त किया है।
यह भी पढ़ें- IPL में कर रहे कमाल इंदौर के वेंकटेश अय्यर और आवेश खान, नितिन मेनन भी अंपायरिंग में पीछे नहीं