
कपीश दुबे, नईदुनिया इंदौर। दुनियाभर के दिग्गज क्रिकेटर अपने बल्ले और गेंद का कमाल दिखाने इंदौर आ रहे हैं। इन्हें देखने के लिए इंदौर से लेकर देशभर के प्रशंसक भी होलकर स्टेडियम पहुंचेंगे। मैच के लिए प्रशंसकों के बीच टिकटों की मारामारी इतनी है कि मिनटों में सभी बिक गए थे।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को देखकर प्रदेश के युवाओं के पास भी सीखने का बड़ा अवसर होता है, लेकिन अजीब संयोग है कि मध्य प्रदेश की किसी भी टीम में शामिल खिलाड़ी इस मैच के लिए स्टेडियम में मौजूद नहीं रहेगा।
होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच खेला जाएगा। आमतौर पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को खेलता देखना क्रिकेटरों के लिए सबसे बड़ी पाठशाला माना जाता है। मगर इस बार मैच के दौरान ऐसा संयोग है कि मध्य प्रदेश की सभी टीमें अलग-अलग टूर्नामेंट के लिए शहर से बाहर रहेंगी।
यही नहीं, कई सितारा खिलाड़ी मध्य प्रदेश टीम में शामिल नहीं हैं, वे भी मैच के दौरान होलकर स्टेडियम में मौजूद नहीं रहेंगे। इनमें बड़ा नाम आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार का है, जो भारत-ए टीम में हैं। इंदौर में मैच वाले दिन ही भारत-ए और आस्ट्रेलिया-ए के बीच तीसरा वनडे मैच है। इसी टीम में मध्य प्रदेश के अरशद खान भी हैं।
यह भी पढ़ें- Ind vs Wi T20 Match: इंदौर के अंतरराष्ट्रीय मैच में इंदौरी ही सुनाएगा फैसला, नितिन मेनन करेंगे अंपायरिंग
मध्य प्रदेश की पांच टीमें मैच के दिन बाहर होंगी। प्रदेश की पुरुष और महिला सीनियर क्रिकेट टीमें विभिन्न टूर्नामेंट के चलते अन्य प्रदेशों में रहेंगी। इनके अलावा अंडर-19 आयु वर्ग की पुरुष और महिला टीमों के साथ प्रदेश की पुरुष अंडर-23 टीम भी अपने विभिन्न टूर्नामेंट के चलते बाहर होंगी। - सुधीर असनानी, एमपीसीए के सचिव