
India vs Afghanistan Live Score Asian Games Final: स्पोर्ट्स डेस्क, इंदौर। भारत और अफगानिस्तान के बीच हांगझू एशियाई खेलों पुरुष क्रिकेट के स्वर्ण पदक मैच बारिश के कारण रद कर दिया गया। ज्यादा रैंकिंग के कारण भारत को स्वर्ण पदक मिला, जबकि अफगानिस्तान को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इस तरह भारत ने एशियाई खेलों के इतिहास में पहली बार पुरुष क्रिकेट के स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। भारतीय महिला टीम ने स्वर्ण पदक जीता था। इस जीत के साथ ही भारत के एशियाई खेलों में कुल 102 पदक हो गए हैं। भारत के लिए हांगझू एशियाई खेलों में यह 27वां स्वर्ण पदक है।
स्थानीय समयानुसार दोपहर तीन बजकर 54 मिनट पर रोक दिया गया था और बारिश खबर अपडेट करने तक जारी थी। पांच-पांच ओवरों का मैच करने के लिए अंपायरों के पास स्थानीय समयानुसार 5.10 मिनट तक का समय था, लेकिन मैच शुरू नहीं हो सका।
मैच रोके जाने के समय अफगानिस्तान ने 18.2 ओवरों में 5 विकेट पर 112 रन बना लिए थे। इस समय शहीदुल्लाह 49 और गुलबदीन नईब 27 रनों पर खेल रहे थे।
भारतीय गेंदबाजों ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए हांगझू एशियाई खेलों पुरुष क्रिकेट के स्वर्ण पदक मैच में अफगानिस्तान के बल्लेबाजों को बैकफुट पर ला दिया। 52 रनों पर 5 विकेट गंवाने के बाद शहीदुल्लाह ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर टीम को संभालने का प्रयास किया। उनकी पारी की बदौलत अफगानिस्तान ने 15 ओवरों में 5 विकेट पर 86 रन बना लिए थे। शहीदुल्लाह 41 और गुलबदीन नईब 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
अफगानिस्तान ने 10 ओवरों में 50 रनों पर चार विकेट गंवा दिए थे। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती छह ओवर के पावर प्ले में 27 रनों पर तीन विकेट हासिल कर लिए थे।
भारत ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। गेंदबाजों के सटीक प्रदर्शन से भारत ने अफगानिस्तान के दोनों सलामी बल्लेबाजों को पैवेलियन लौटा दिया। अफगानिस्तान ने 3 ओवरों में 9 रनों पर दो विकेट गंवा दिए हैं।
अर्शदीप सिंह ने पहले ओवर में एक रन दिया। इस ओवर में जुबैद अकबरी को लगातार परेशान किया। अगले ओवर में जुबैद अकबरी ने शिवम दुबे की गेंद पर मैच का पहला चौका जड़ा। लेकिन अगली ही गेंद पर दुबे ने अकबरी को बाउंड्री के पास अर्शदीप के हाथों कैच कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई। इस समय अफगानिस्तान का स्कोर 1.4 ओवरों में 5 रन पर एक विकेट था। दूसरे छोर पर मोहम्मद शहजाद हैं।
मैच के तीसरे ओवर में अर्शदीप ने पांचवीं गेंद पर शहजाद को विकेट के पीछे जितेश शर्मा के हाथों कैच कराकर भारत को दूसरी सफलता दिलाई।
अफगानिस्तान के जुबेरदुल्ला अकबरी भारत के खिलाफ देश के लिए पदार्पण करेंगे। हांगझू में कुछ देर के लिए बारिश हो रही थी। लेकिन अब कवर्स हट चुके हैं। भारत की महिला क्रिकेट टीम ने सोना अपने नाम किया था, क्या पुरुष टीम भी यह उपलब्धि हासिल कर पाएगा। रितुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली भारतीय टीम खिताब की प्रबल दावेदार है। यदि ऐसा होता है तो यह एशियाई खेलों के क्रिकेट में भारत का पहला स्वर्ण है। गुलबदीन नईब की कप्तानी वाली अफगानिस्तान टीम ने सेमीफाइनल में उलटफेर करते हुए पाकिस्तान को हराया था।
दोनों टीमों की अंतिम एकादश -
भारत- यशस्वी जायसवाल, रितुराज गायकवाड़ (कप्तान), तिलक वर्मा, वाशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, जितेश शर्मा, शाहबाज अहमद, रवि बिश्नोई, रविश्रीनिवासन साई किशोर, अर्शदीप सिंह।
अफगानिस्तान- जुबेद अकबरी, मोहम्मद शाहजाद, नूर अली जारदान, शाहीदुल्लाह कमाल, अफसर जजाई, करीम जनत, गुलबदीन नईब (कप्तान), शरफुद्दीन अशरफ, कईस अहमद, फरीद अहमद मलिक, जहीर खान।