_m.webp)
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 सीरीज गुरुवार 22 अक्टूबर को शुरू हो जाएगी। इस श्रंखला में भारतीय टीम के बल्लेबाज ईशान किशन के पास इतिहास रचने और कई दिग्गजों के रिकॉर्ड को ध्वस्त करने का मौका होगा।
किशन मौजूदा समय में बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं और आईसीसी के टी-20 नंबर वन बल्लेबाज है। ऐसे में अगर वह रन बनाने की गति पिछली सीरीज की तरह बरकरार रखते हैं तो रिकॉर्ड्स वह अपने नाम कर सकते हैं।
ईशान किशन रचेंगे इतिहास
किशन के पास पूर्व भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है। बाएं हाथ के बल्लेबाज ये कारनामा पहले मैच में ही कर सकते हैं।
किशन के पास भारत के लिए एक कैलेंडर ईयर में टी20 में सबसे अधिक रन बनाने का मौका है। सूर्या ने साल 2022 में 1164 रन बनाए थे। अगर किशन सात रन बना लेते हैं, तो वे सूर्या को पीछे छोड़ देंगे। किशन ने 34 टी20 पारियों में खेलते हुए 37.35 की औसत और 172.06 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,158 रन बनाए हैं।
पाक बल्लेबाज रिजवान का टूटेगा रिकॉर्ड
भारतीय बल्लेबाज के पास पाक के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है। रिजवान टेस्ट खेलने वाले देशों में एक साल में टी20 में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने साल 2021 में 1326 रन बनाए थे। किशन कीवी टीम के खिलाफ होने वाली इस सीरीज में ये रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं। उन्हें रिजवान को पीछे छोड़ने के लिए 139 रनों की जरूरत है। ऐसे में पांच मैचों की होने वाली सीरीज में किशन इस रिकॉर्ड को ध्वस्त कर सकते हैं।
रोहित-विराट के क्लब में होंगे शामिल
विकेटकीपर बल्लेबाज के पास रोहित और विराट कोहली जैसे दिग्गजों की लिस्ट में जगह बनाने का भी मौका है। अगर वे 46 रन बना लेते हैं, तो भारत के लिए टी20 में 2000 रन पूरे कर लेंगे। ऐसा करने वाले वे सातवें बल्लेबाज बनेंगे।